विश्व स्वास्थ्य दिवस पर बिलासपुर पुलिस का सराहनीय पहल, 300 से अधिक जवानों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण
रिपोर्टर ✒️ रूपचंद रॉय
बिलासपुर ।। विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर यातायात पुलिस बिलासपुर द्वारा सुरक्षा में तैनात जवानों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए एक विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर चेतना भवन पुलिस लाइन में प्रातः 6 बजे से प्रारंभ हुआ, जिसमें 300 से अधिक पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों ने भाग लेकर अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में आयोजित इस शिविर का मुख्य उद्देश्य ड्यूटी के दौरान प्रतिकूल परिस्थितियों—जैसे धूल, धुआं, गर्मी, ठंड और बरसात—का सामना करने वाले जवानों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य की जांच एवं देखभाल करना रहा। पुलिस जवानों की व्यस्त दिनचर्या और लगातार फील्ड ड्यूटी को देखते हुए इस प्रकार का आयोजन बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
शिविर में हृदय रोग, श्वास रोग, छाती रोग, मधुमेह, रक्तचाप, हड्डी एवं चर्म रोग सहित विभिन्न बीमारियों के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा जांच, परामर्श एवं उपचार प्रदान किया गया। साथ ही जवानों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, धूप से बचाव, संतुलित आहार लेने और नियमित व्यायाम करने की सलाह दी गई।
इस अवसर पर एसएसपी रजनेश सिंह ने जवानों को संबोधित करते हुए समय पर भोजन और पर्याप्त नींद लेने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर और सकारात्मक मानसिकता से ही पुलिसकर्मी अपने कर्तव्यों का बेहतर निर्वहन कर सकते हैं।
शिविर के अध्यक्ष डॉ. अभय गुप्ता (अपोलो हॉस्पिटल) ने अधिक नमक और शक्कर के सेवन से बचने तथा नियमित व्यायाम को दिनचर्या में शामिल करने की सलाह दी। वहीं संयोजक एडिशनल एसपी ट्रैफिक रामगोपाल करियारे ने जवानों को मानसिक संतुलन बनाए रखने और समस्याओं को साझा करने के लिए प्रेरित किया।
शिविर में आईएमए बिलासपुर के अध्यक्ष डॉ. प्रमोद जायसवाल सहित कई विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम मौजूद रही, जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्र में जवानों की विस्तृत जांच की और आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया। शिविर के अंत में सभी जवानों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने हेतु विशेष व्याख्यान भी दिया गया।
इस पहल को पुलिस विभाग की संवेदनशीलता और अपने जवानों के प्रति जिम्मेदारी का प्रतीक माना जा रहा है, जिसकी सभी स्तरों पर सराहना की जा रही है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.


