दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश द्वारा बिलासपुर – गोंदिया रेलखंड का व्यापक निरीक्षण

0
IMG-20260408-WA0963

• गोंदिया स्टेशन क्षेत्र में संरक्षा, सुरक्षा, यात्री सुविधाओं एवं विकास कार्यों का जायजा

दपूमरे, नागपुर मंडल ।  दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक  तरुण प्रकाश द्वारा आज दिनांक 08 अप्रैल 2026 को बिलासपुर – गोंदिया रेलखंड (नागपुर मंडल) का विस्तृत निरीक्षण किया गया। इस दौरान महाप्रबंधक महोदय ने विशेष रूप से ‘विंडो ट्रेलिंग’ के जरिए दुर्ग-गोंदिया रेलखंड में रेल पटरियों की स्थिति, पॉइंट्स, क्रॉसिंग्स और सिग्नलों की दृश्यता का सूक्ष्म अवलोकन किया, ताकि यात्रियों को एक सुरक्षित और आरामदायक सफर सुनिश्चित किया जा सके।

इसी क्रम में गोंदिया स्टेशन का भी व्यापक निरीक्षण किया गया। गोंदिया स्टेशन पर चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। विशेष रूप से गोंदिया स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 3 (लाइन नंबर 05) पर ‘वॉशेबल एप्रन’ को हटाने और उसे ‘बैलस्टेड ट्रैक’ में बदलने का कार्य प्रगति पर है, जिसका निरीक्षण करते हुए महाप्रबंधक ने कार्य की गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। इस कार्य के पूर्ण होने से ट्रैक मेंटेनेंस में सुधार एवं संरक्षा मानकों में वृद्धि होगी।

इसके साथ ही गोंदिया स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं का भी निरीक्षण किया गया। महाप्रबंधक महोदय ने यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण प्रदान करने हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त उनके द्वारा गोंदिया यार्ड एवं पैनल रूम का निरिक्षण कर अमृत भारत योजना के तहत चल रहे विकाश कार्यों और यात्री सुविधाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान नागपुर मंडल के रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता, श्री जे. एस बिंद्रा मुख्य प्रधान परिचालन प्रबंधक सहित मुख्यालय एवं नागपुर मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों सहित कर्मचारी भी उपस्थित रहे। उन्होंने मंडल में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों, संरक्षा उपायों एवं यात्री सुविधाओं के उन्नयन संबंधी जानकारी महाप्रबंधक को विस्तार से अवगत कराया। इस अवसर पर सभी विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों से संबंधित प्रगति एवं कार्यों की जानकारी दी।

इस दौरान उन्होंने मंडल रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति सदस्यों के साथ यात्री सुविधाओं तथा अन्य विभिन्न मुद्दों के संबंध में चर्चा कर सुझाव प्राप्त किए।

महाप्रबंधक ने सभी अधिकारियों को संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने, अधोसंरचना विकास कार्यों में तेजी लाने तथा यात्री सुविधाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वच्छता, समयबद्धता एवं सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार पर विशेष बल दिया।

इस निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य रेल सेवाओं की गुणवत्ता, संरक्षा एवं दक्षता को सुदृढ़ करना तथा यात्रियों को बेहतर एवं सुरक्षित यात्रा अनुभव प्रदान करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!