CBSE 10वीं परिणाम घोषित, डीएवी पब्लिक स्कूल कोरबा ने रचा इतिहास, शत-प्रतिशत परिणाम से बढ़ाया मान

0
Screenshot_20260416_135108

कोरबा । केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) द्वारा गुरुवार को कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम घोषित किए जाने के साथ ही कोरबा जिले में शैक्षणिक उपलब्धियों की नई मिसाल सामने आई है। डीएवी पब्लिक स्कूल, एसईसीएल कोरबा ने इस वर्ष शानदार प्रदर्शन करते हुए शत-प्रतिशत परिणाम दर्ज किया है। विद्यालय के सभी विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए, वहीं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक अर्जित कर संस्थान का गौरव बढ़ाया।

विद्यालय के कुल 14 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इनमें सिद्धार्थ जैन ने 97.80 प्रतिशत अंक अर्जित कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। हर्षिका यादव ने 96.20 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय स्थान हासिल किया, जबकि अनुष्का सिंह 95 प्रतिशत अंकों के साथ तृतीय स्थान पर रहीं।

इसी क्रम में कृतिका सिंह (94.80%), अदिति नामदेव (94.40%), ईशान बनर्जी (93.60%), आलिश्बा शाहीन (93%), चेतन गुप्ता (92.60%), मनु शर्मा (92.20%), नेहा कुमारी (91.80%), चैतन्य साहू (91.60%), त्रिशिका पूरी (90.40%), आदयांश गुप्ता एवं सागर पटेल (90.20%) ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया।

NTPC World Environment Day

अनुशासन और परिश्रम का परिणाम
विद्यालय की प्राचार्या डॉ. चेतना शर्मा ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों के निरंतर परिश्रम, अनुशासन और आत्मविश्वास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों ने कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपनी पढ़ाई में निरंतरता बनाए रखी, जिसका प्रतिफल आज सामने है। उन्होंने समर्पित शिक्षकों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और अथक प्रयासों के बिना यह उपलब्धि संभव नहीं थी।

गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सकारात्मक वातावरण की देन
एसईसीएल कोरबा प्रबंधन द्वारा विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक संसाधनों और सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण को प्राथमिकता दी जाती रही है। प्रबंधन की दूरदर्शी सोच और विद्यार्थियों के समग्र विकास पर ध्यान केंद्रित करने की नीति का ही परिणाम है कि विद्यालय ने इस वर्ष शत-प्रतिशत परिणाम हासिल कर जिले में अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की है।

प्रबंधन और अभिभावकों में उत्साह
विद्यालय के स्थानीय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष आर.के. गुप्ता (महाप्रबंधक, एसईसीएल कोरबा क्षेत्र) तथा के.पी. सिंह (क्षेत्रीय कार्मिक प्रबंधक, एसईसीएल कोरबा क्षेत्र) ने विद्यार्थियों की इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही अभिभावकों में भी अपने बच्चों की सफलता को लेकर खासा उत्साह देखा गया।

जिले में बनी पहचान
डीएवी पब्लिक स्कूल कोरबा का यह उत्कृष्ट परिणाम न केवल संस्थान की शैक्षणिक गुणवत्ता को दर्शाता है, बल्कि जिले के अन्य विद्यालयों के लिए भी प्रेरणास्रोत बन गया है। विद्यार्थियों की इस सफलता ने यह सिद्ध कर दिया है कि समर्पण, सही मार्गदर्शन और सकारात्मक माहौल के साथ किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।

विद्यालय परिवार ने इस उपलब्धि को सामूहिक प्रयास का परिणाम बताते हुए भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
error: Content is protected !!