आवेदन फेंकने की बात निराधार, कलेक्टर कार्यालय विवाद पर प्रशासन का स्पष्टीकरण

0
IMG-20260426-WA0054

मुंगेली । कलेक्टर कार्यालय में आवेदन फेंके जाने के कथित विवाद को लेकर जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए इसे पूरी तरह भ्रामक और निराधार बताया है। प्रशासन के अनुसार 24 अप्रैल 2026 को कुछ व्यक्ति, जो स्वयं को जोहार पार्टी के कार्यकर्ता बता रहे थे, जनगणना पोर्टल में छत्तीसगढ़ी भाषा को शामिल किए जाने की मांग को लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचे थे।

प्रशासनिक जानकारी के मुताबिक, कलेक्टर कार्यालय के वेटिंग एरिया में पहुंचने के बाद संबंधित व्यक्तियों द्वारा कार्यालयीन स्टाफ के साथ अमर्यादित व्यवहार किया गया। इसके बाद कलेक्टोरेट परिसर के बाहर नारेबाजी की गई, जिसे शासकीय मर्यादा के विपरीत माना गया है। अधिकारियों ने इस पूरे घटनाक्रम को गंभीरता से लिया और तत्काल हस्तक्षेप किया।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कलेक्टर द्वारा आवेदन को विधिवत स्वीकार करते हुए उसे ध्यानपूर्वक पढ़ने और नियमानुसार विचार करने की बात कही गई थी। आवेदन को अस्वीकार करने या फेंकने जैसी कोई घटना नहीं हुई है। इस संबंध में फैलाई जा रही खबरों को प्रशासन ने पूरी तरह असत्य बताया है।

घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम अजय शतरंज, डिप्टी कलेक्टर मायानंद चंद्रा, तहसीलदार शेखर पटेल और एसडीओपी हरविंदर सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने संबंधित लोगों से चर्चा कर ज्ञापन स्वीकार किया और उन्हें आवश्यक समझाइश देते हुए वापस भेजा। साथ ही एहतियात के तौर पर पूरे मामले की जानकारी थाना कोतवाली को भी दे दी गई है।

प्रशासन ने यह भी कहा कि घटना के बाद कुछ व्यक्तियों द्वारा सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों में भ्रामक जानकारी प्रसारित की गई, जिससे अनावश्यक भ्रम की स्थिति बनी। ऐसे मामलों में तथ्यों की पुष्टि किए बिना जानकारी साझा करना जनहित के विपरीत है।

जिला प्रशासन ने दोहराया कि वह सभी नागरिकों, संगठनों और जनप्रतिनिधियों के सुझावों एवं आवेदनों का सम्मान करता है और उन्हें नियमानुसार स्वीकार कर उचित कार्यवाही सुनिश्चित करता है। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि शासकीय कार्यालयों में मर्यादित व्यवहार बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार की अपुष्ट एवं भ्रामक सूचना के प्रसार से बचें, ताकि प्रशासनिक व्यवस्था सुचारू और पारदर्शी बनी रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!