तेज रफ्तार हाइवा की चपेट में 4 वर्षीय मासूम की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्का जाम

0
Screenshot_20260426_061404

रिपोर्टर ✒️ रूपचंद रॉय

मस्तुरी/पचपेड़ी। जनपद क्षेत्र के ग्राम पंचायत चिस्दा में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 4 वर्षीय मासूम की मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों और परिजनों में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया, जिसके चलते कुछ समय के लिए चक्का जाम की स्थिति निर्मित हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक मासूम सूरज शुक्ला (4 वर्ष) पिता सुरेश शुक्ला, मूलतः बांदा जिले के ग्राम मोहतरा (तहसील अतर्रा) का निवासी था। वह इन दिनों अपने रिश्तेदारों के यहां पचपेड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चिस्दा में अपने बड़े पिता कमलेश शुक्ला के घर आया हुआ था।

बताया जा रहा है कि शनिवार दोपहर करीब 2 बजे मस्तुरी-पचपेड़ी मार्ग पर तेज रफ्तार हाइवा (क्रमांक CG BU 8567) चालक के नियंत्रण खोने के कारण सड़क किनारे मौजूद मासूम को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि बच्चे के सिर में गंभीर चोट आई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। मासूम की मौत से आक्रोशित लोगों ने सड़क पर चक्का जाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। स्थिति को देखते हुए तत्काल पचपेड़ी थाना पुलिस, मल्हार पुलिस सहित मस्तुरी एसडीओपी और तहसीलदार मौके पर पहुंचे।

अधिकारियों ने ग्रामीणों और परिजनों को समझाइश देते हुए स्थिति को नियंत्रित किया। तहसीलदार द्वारा मौके पर ही पीड़ित परिवार को 25 हजार रुपए की तात्कालिक सहायता देने की घोषणा की गई, जिसके बाद चक्का जाम समाप्त कराया गया।

पुलिस ने हाइवा वाहन को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है और उसे पचपेड़ी थाना के सुपुर्द कर दिया गया है। वहीं, शव को पोस्टमार्टम के लिए मस्तुरी भेज दिया गया है।

इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने तेज रफ्तार भारी वाहनों पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!