भीषण गर्मी में राहत: पचपेड़ी तहसील में प्याऊ घर शुरू, राहगीरों को मिलेगी ठंडे पानी की सुविधा

0
IMG-20260428-WA0100

रिपोर्टर ✒️ रूपचंद रॉय

पचपेड़ी। क्षेत्र में पड़ रही भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच आमजन को राहत देने के उद्देश्य से तहसील कार्यालय पचपेड़ी में ‘शीतल पेयजल प्याऊ’ का शुभारंभ किया गया। 27 अप्रैल 2026 को आयोजित इस कार्यक्रम में अधिवक्ता संघ, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त पहल देखने को मिली, जिसका मुख्य उद्देश्य तहसील आने वाले लोगों और राहगीरों को ठंडा एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना है।

इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य सतकली बावरे, जिला पंचायत सभापति रामखिलावन पटेल, पूर्व जिला पंचायत सदस्य किरण संतोष यादव, तहसीलदार नीलम पिस्दा, जनपद सदस्य राकेश शर्मा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष भोलाराम साहू सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। वहीं अधिवक्ता संघ मस्तूरी-पचपेड़ी के सचिव सुखसागर सोनवानी, कांति भारद्वाज, चंद्रशेखर जांगड़े, राधाचरण कुर्रे, नवीन कांत, लखन चंद्राकर, महेंद्र सिंह, अखिलेश और सत्यप्रकाश की भी सक्रिय भागीदारी रही। स्थानीय स्तर पर सरपंच चंद्रप्रकाश कुर्रे, उपसरपंच खलहु टंडन, भाजपा नेता विक्की तिवारी और थाना प्रभारी राज सिंह भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

उद्घाटन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि भीषण गर्मी में इस प्रकार की जनसेवा अत्यंत सराहनीय और जरूरतमंद पहल है। तहसील कार्यालय में प्रतिदिन सैकड़ों लोग अपने राजस्व एवं अन्य कार्यों के लिए आते हैं, जिन्हें गर्मी में पेयजल की समस्या का सामना करना पड़ता है। ऐसे में यह प्याऊ घर उनके लिए बड़ी राहत साबित होगा।

अधिवक्ता संघ के पदाधिकारियों ने आश्वासन दिया कि पूरे ग्रीष्मकाल के दौरान यहां स्वच्छ, ठंडा और पर्याप्त मात्रा में पानी की व्यवस्था लगातार बनाए रखी जाएगी। साथ ही उन्होंने इसे सेवा भाव से किया गया कार्य बताते हुए कहा कि समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाना हर नागरिक का कर्तव्य है।

स्थानीय ग्रामीणों और तहसील में आने वाले पक्षकारों ने इस पहल की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के बीच यह व्यवस्था न केवल राहत पहुंचाने वाली है, बल्कि समाज में सेवा और सहयोग की भावना को भी मजबूत करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!