Advertisement Carousel

सरपंच-पंचों का टकराव गरमाया, अविश्वास प्रस्ताव से पंचायत में हड़कंप

0
IMG-20260502-WA0718

रिपोर्टर ✒️ सुचित कुमार मरावी

बांधा पंचायत में बढ़ा विवाद, जांच के लिए पहुंचे अधिकारी; ग्रामीणों में बढ़ी चिंता

करगी/रोडकोटा । तखतपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बांधा में सरपंच और पंचों के बीच लंबे समय से चल रहा विवाद अब खुलकर सामने आ गया है। हालात इस कदर बिगड़ गए कि पंचों ने एकजुट होकर सरपंच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश कर दिया, जिससे गांव की राजनीति में अचानक हलचल तेज हो गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पंचायत कार्यों में पारदर्शिता की कमी, पंचों की अनदेखी और निर्णयों में मनमानी को लेकर लंबे समय से असंतोष बना हुआ था। पंचों का आरोप है कि उनकी सहमति के बिना कई अहम निर्णय लिए गए, जिससे नाराजगी बढ़ती गई और मामला अब अविश्वास प्रस्ताव तक पहुंच गया।

जांच के लिए मौके पर पहुंचे अधिकारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए तखतपुर विकासखंड से जांच दल मौके पर पहुंचा। टीम में अमर नेताम और संदीप जांगड़े शामिल रहे। अधिकारियों ने सरपंच और पंचों से अलग-अलग चर्चा कर बयान दर्ज किए तथा पूरे मामले की बारीकी से जांच की। इसके बाद मौके पर पंचनामा तैयार कर रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

गांव में सियासी माहौल गरम

इस घटनाक्रम के बाद ग्राम पंचायत बांधा का माहौल पूरी तरह गरमा गया है। गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। विवाद के चलते विकास कार्य प्रभावित होने की आशंका भी जताई जा रही है, जिससे ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है।

प्रशासन के फैसले पर टिकी निगाहें

अब सबकी नजर प्रशासन के अगले कदम पर टिकी है। यदि अविश्वास प्रस्ताव पर कार्रवाई होती है, तो पंचायत की सियासत में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। फिलहाल, इस विवाद ने पूरे क्षेत्र का माहौल गर्म कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!