गौशाला के लिए बड़ी सौगात:नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने शेड निर्माण के लिए मंजूर किए 9.53 लाख रुपये,कार्य प्रारंभ करने दिए निर्देश
मुंगेली । नगर पालिका क्षेत्र के रेहूंटा मार्ग पर स्थित गौशाला के लिए एक महत्वपूर्ण और राहत भरी खबर सामने आई है। हाल ही में आए प्राकृतिक प्रकोप के बाद नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने गौवंश की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शेड निर्माण हेतु 9 लाख 53 हजार रुपये की बड़ी राशि आबंटित की है।
अंधड़ के बाद जागा प्रशासन,त्वरित हुई कार्रवाई
बीते गुरुवार को क्षेत्र में आए तेज अंधड़ के कारण गौ सेवा धाम द्वारा निर्मित अस्थाई शेड पूरी तरह से टूट गया था। इस आपदा के कारण गौ वंशों के लिए सिर छिपाने की जगह का संकट उत्पन्न हो गया था। हालात की गंभीरता को समझते हुए गौ सेवा धाम के सदस्यों ने नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला से मिलकर इस समस्या से अवगत कराया। अध्यक्ष ने बिना देर किए तत्काल मामले का संज्ञान लिया और अधिकारियों को नए शेड के निर्माण हेतु निर्देशित किया।
नपा अध्यक्ष ने मद से राशि की स्वीकृत
नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने जानकारी दी कि उनके अपने मद से 9 लाख 53 हजार रुपये की स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्य में कोई देरी नहीं होगी और ठेकेदार आनंद मिश्रा के द्वारा सोमवार से ही युद्ध स्तर पर निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा,ताकि गौ वंशों को जल्द ही सुरक्षित और पक्का आश्रय मिल सके।
“गौ सेवा ही सबसे बड़ा धर्म”
निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने कहा कि गौ सेवा करना हर व्यक्ति का परम कर्तव्य है। उन्होंने शास्त्रों का हवाला देते हुए कहा कि हिंदू धर्म में गौ को माता का दर्जा दिया गया है और यह मान्यता है कि गौ माता के शरीर में 33 कोटि देवी-देवताओं का वास होता है। ऐसी पूजनीय गौ माता की रक्षा और उनकी सेवा करना हमारा नैतिक दायित्व है और नगर पालिका इस दिशा में पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी।
निरीक्षण के दौरान इनकी रही उपस्थिति
इस अवसर पर प्रशासनिक और सामाजिक स्तर पर कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे जिनमें तहसीलदार कुणाल पाण्डेय,पटवारी आशीष भोई,पटवारी आशीष सिंह क्षत्रिय,ठेकेदार आनंद मिश्रा और धीरज पांडे प्रमुख रूप से शामिल थे। वहीं गौ सेवा धाम की ओर से नानू ठाकुर,मनीष वैष्णव सहित अन्य गौ सेवक मौजूद रहे,जिन्होंने नपा अध्यक्ष के इस त्वरित और संवेदनशील निर्णय की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
