13वीं राज्य स्तरीय किकबॉक्सिंग प्रतियोगिता में मुंगेली का शानदार प्रदर्शन
खिलाड़ियों ने जीते गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल, राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ चयन
मुंगेली। कोरबा स्थित हरि मंगलम होटल में आयोजित 13वीं छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय किकबॉक्सिंग प्रतियोगिता 2026 में मुंगेली जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। महिला एवं पुरुष सीनियर वर्ग में खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में गोल्ड, सिल्वर एवं ब्रॉन्ज मेडल हासिल करते हुए राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया।
मुंगेली जिला किकबॉक्सिंग संघ के सचिव एवं मुख्य प्रशिक्षक वेंकटेश्वर दास मानिकपुरी ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन आगामी 1 से 5 अगस्त 2026 तक अहमदाबाद में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय किकबॉक्सिंग प्रतियोगिता के लिए किया गया है। चयनित खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे।
ऊषा मानिकपुरी ने जीता गोल्ड मेडल
महिला सीनियर वर्ग के +70 किलोग्राम भार वर्ग के K-1 इवेंट में मुंगेली जिले की खिलाड़ी ऊषा मानिकपुरी ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया। प्रतियोगिता के दौरान उन्होंने अपने मुकाबलों में दमदार खेल का प्रदर्शन कर जिले को बड़ी उपलब्धि दिलाई।
महेश सिंह राजपूत की दोहरी सफलता
पुरुष सीनियर वर्ग के -57 किलोग्राम भार वर्ग लाइट कॉन्टैक्ट इवेंट में महेश सिंह राजपूत ने शानदार खेल दिखाते हुए सेमीफाइनल में बेमेतरा जिले के खिलाड़ी को पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मुकाबले में कोरबा जिले के अंकुश लाल यादव के खिलाफ संघर्षपूर्ण प्रदर्शन करते हुए उन्होंने सिल्वर मेडल हासिल किया। इसके अलावा महेश सिंह राजपूत ने इसी भार वर्ग के किक लाइट इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर दोहरी सफलता अर्जित की।
सौरभ पाण्डेय और सुरेश साहू ने भी बढ़ाया मान
पुरुष सीनियर वर्ग के -89 किलोग्राम पॉइंट फाइट इवेंट में सौरभ पाण्डेय ने बलौदाबाजार जिले के खिलाड़ी के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए ब्रॉन्ज मेडल जीता। वहीं -84 किलोग्राम पॉइंट फाइट इवेंट में सुरेश साहू ने कोरबा जिले के प्रभात साहू के साथ रोमांचक फाइनल मुकाबला खेलते हुए सिल्वर मेडल अपने नाम किया।
इसी इवेंट में मुंगेली जिले के हरेंद्र कुमार ने सेमीफाइनल मुकाबले में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन से प्रतियोगिता में मुंगेली जिले की विशेष पहचान बनी रही।
जिले में खुशी का माहौल
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर जिले में खुशी का माहौल है। खिलाड़ियों को जिला कलेक्टर कुंदन कुमार, जिला खेल अधिकारी संजय पल, खेल समन्वयक सुधीर पटेल, संतोष बंजारा सहित खेल प्रेमियों एवं किकबॉक्सिंग खिलाड़ियों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
इसके अलावा मिथलेश बर्मन, आकाश दिवाकर, हेमंत मानिकपुरी, नरेंद्र साहू, सागर जायसवाल, आशुतोष उपाध्याय, दुष्यंत साहू, नवीन साहू, कुणाल कबीर, विजेंद्र मानिकपुरी, रेणुका साहू, मानसी जोगी, गार्गी सोम, मोनिका दिवाकर, माखन सोनवानी, गिरधर सोनवानी, मयंक साहू, हर्ष साहू, योगेश साहू एवं चैतराम साहू सहित जिले के खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
मुंगेली जिले के खिलाड़ियों की यह उपलब्धि न केवल जिले बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय मानी जा रही है। खेल प्रेमियों का मानना है कि खिलाड़ियों के इस प्रदर्शन से आने वाले समय में जिले में किकबॉक्सिंग खेल को नई पहचान और युवाओं को नई प्रेरणा मिलेगी।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
