बिलासपुर में अवैध उत्खनन और बोरिंग माफियाओं पर प्रशासन का सर्जिकल स्ट्राइक: 4 बोर मशीनें और 4 हाइवा जप्त

0
IMG-20260522-WA1222

रिपोर्टर ✒️ रूपचंद रॉय

कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर राजस्व टीम की आधी रात दबिश; बसिया और तिफरा में बिना अनुमति चल रहा था खनन, पुलिस थानों की सुपुर्दगी में भेजे गए वाहन

बिलासपुर। जिले में भू-गर्भ जल के दोहन और खनिजों के अवैध कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर संजय अग्रवाल के कड़े तेवर के बाद राजस्व विभाग की टीम ने पिछले 48 घंटों के भीतर बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध खनन और बिना अनुमति बोर उत्खनन में लगी 8 गाड़ियों को जप्त किया है। इस कार्रवाई से जिले के अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

आधी रात को बसिया में रेड, रंगेहाथ पकड़ी गईं मशीनें

तहसीलदार प्रकाश साहू के नेतृत्व में राजस्व अमले ने बुधवार देर रात लगभग 11 बजे ग्राम बसिया क्षेत्र में दबिश दी। मुखबिर से सूचना मिली थी कि यहां शासन की अनुमति के बिना धड़ल्ले से बोर खनन किया जा रहा है। मौके पर पहुंची टीम ने अवैध रूप से बोर कर रही दो बड़ी बोर मशीनों को रंगेहाथ पकड़ा। इसके अलावा, तिफरा क्षेत्र में भी इसी तरह की शिकायत मिलने पर संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए दो अन्य बोर मशीनों को जप्त किया। इन सभी चार वाहनों को नियमानुसार सिरगिट्टी थाना प्रभारी की सुपुर्दगी में सौंप दिया गया है।

मुरूम और गिट्टी का अवैध परिवहन करते 4 हाइवा जप्त

बोर मशीनों के अलावा, खनिजों के अवैध उत्खनन और परिवहन के विरुद्ध चलाए गए विशेष अभियान के तहत भी बड़ी सफलता मिली है। चेकिंग के दौरान राजस्व टीम ने मुरूम और गिट्टी का बिना रॉयल्टी (बिना वैध कागजात) परिवहन करते हुए चार हाइवा वाहनों को रोका। चालक खनिज से संबंधित कोई भी दस्तावेज पेश नहीं कर सके, जिसके बाद इन वाहनों को जप्त कर सिरगिट्टी और तोरवा थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

प्रशासन की चेतावनी: कार्रवाई आगे भी रहेगी जारी

तहसीलदार प्रकाश साहू ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई केवल शुरुआत है। इस विशेष टीम में तहसील कार्यालय के पटवारी और अन्य राजस्व अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे। कलेक्टर ने सख्त निर्देश दिए हैं कि जिले में खनिज माफियाओं और बिना अनुमति बोर खनन करने वालों पर पैनी नजर रखी जाए।

अधिकारियों का संदेश: जिले के किसी भी क्षेत्र में यदि बिना अनुमति बोर उत्खनन या अवैध खनिज परिवहन पाया जाता है, तो गाड़ियों की जप्ती के साथ-साथ संबंधितों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!