सपनों को मिली नई उड़ान: प्रेरणादायी व्यक्तित्वों ने एनटीपीसी कोरबा की जेम बालिकाओं को दी नई प्रेरणा व उत्साह।
कोरबा । एनटीपीसी लिमिटेड कोरबा की बालिका सशक्तिकरण अभियान (जेम) पहल अपने प्रभावशाली ‘रोल मॉडल पहल’ के माध्यम से युवा बालिकाओं को निरंतर प्रेरित कर सशक्त बना रही है। इस पहल के अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित एवं सफल हस्तियाँ ने जेम बालिकाओं से संवाद कर उन्हें बड़े सपने देखने, शिक्षा में उत्कृष्टता प्राप्त करने तथा आत्मविश्वासी व्यक्तित्व के रूप में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं।
अपने सातवें वर्ष में प्रवेश कर चुका कोरबा का जेम (GEM) कार्यक्रम आसपास के समुदायों की बालिकाओं के समग्र विकास एवं सशक्तिकरण हेतु निरंतर कार्यरत है। वर्षों से यह पहल लगभग 660 बालिकाओं को सकारात्मक रूप से लाभान्वित कर चुकी है, जिससे उनमें आत्मविश्वास का विकास हुआ है, कौशल में वृद्धि हुई है तथा भविष्य के प्रति उनकी आकांक्षाओं को नई दिशा मिली है।
22 से 25 मई 2026 तक आयोजित कई प्रेरणादायी सत्रों की इस श्रृंखला में GEM बालिकाओं को विशिष्ट व्यक्तित्वों से बात करने का मौका मिला, जिनकी प्रेरक जीवन-यात्रा एवं उपलब्धियों ने बालिकाओं के मन पर गहरी छाप छोड़ी।

प्रेरणादायी शृंखला में सर्वप्रथम 22 मई 2026 को भारतीय सेना के कर्नल सेंथिल कुमार एस ने बालिकाओं को संबोधित करते हुए अपने जीवन एवं कार्य से जुड़े अनुभव साझा किए। उन्होंने अनुशासन, साहस, दृढ़ संकल्प तथा लक्ष्य के प्रति समर्पण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बालिकाओं को चुनौतियों का डटकर सामना करने एवं अपने आप पर पूर्ण विश्वास रखने के लिए प्रेरित किया।
बालिकाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, “सफलता एक दिन में नहीं मिलती। अनुशासन, कठोर परिश्रम और आत्मविश्वास ऐसे हथियार हैं, जो जीवन की हर चुनौती को पार करने में आपकी सहायता करते हैं।”
इस क्रम को आगे बढ़ाते हुए 23 मई 2026 को कोरबा की संयुक्त आयुक्त श्रीमती माधुरी सोम ने जेम (GEM) बालिकाओं से आत्मीय संवाद किया तथा उन्हें शिक्षा प्राप्त करने, आत्मविश्वास अपनाने एवं अपने लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। अपने प्रेरक विचारों के माध्यम से उन्होंने दृढ़ता, निरंतर सीखने की भावना तथा स्वयं को सशक्त बनाकर समाज में सकारात्मक योगदान देने के महत्व पर बल दिया।
बालिकाओं को प्रेरित करते हुए उन्होंने कहा, “अपने सपनों को कभी सीमित मत करो। मेहनत व लगन, आत्मविश्वास और शिक्षा के माध्यम से प्रत्येक बालिका अपनी अलग पहचान बना सकती है तथा दूसरों के लिए प्रेरणा बन सकती है।”
इस पहल में एक और प्रेरणादायी अध्याय जोड़ते हुए 25 मई 2026 को कोरबा की महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने जेम (GEM) बालिकाओं से बात की तथा सार्वजनिक सेवा एवं नेतृत्व के अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बालिकाओं को सफलता प्राप्त करने एवं सशक्त नागरिक बनने में शिक्षा, दृढ़ संकल्प, आत्मविश्वास तथा सामाजिक उत्तरदायित्व के महत्व को बहुत अच्छे से समझाया।

बालिकाओं को कठिनाइयों के बीच हमेसा प्रयासरत रहने के लिए प्रेरित करते हुए उन्होंने कहा, “हर सफलता के पीछे संघर्ष की कहानी होती है। चुनौतियाँ जीवन का हिस्सा हैं, लेकिन दृढ़ संकल्प और कठिन परिश्रम से सफलता अवश्य प्राप्त होती है।”
सभी सत्रों में जेम (GEM) बालिकाओं ने अत्यंत उत्साहपूर्वक सहभागिता की। उन्होंने अतिथियों से सक्रिय संवाद किया, जिज्ञाशापूर्ण प्रश्न पूछे तथा उनकी प्रेरणादायी जीवन-यात्राओं से प्रेरणा प्राप्त की। इन संवादों ने न केवल उनको नया दृष्टिकोण दिया, बल्कि उनमें आत्मविश्वास, प्रेरणा एवं अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने का नया संकल्प भी जगाया।

ऐसी सार्थक पहलों के माध्यम से एनटीपीसी कोरबा युवा बालिकाओं को ज्ञान, आत्मविश्वास एवं प्रेरणा प्रदान कर उन्हें उज्ज्वल एवं बेहतर भविष्य के निर्माण हेतु एक सशक्त मंच उपलब्ध कराता रहा है।
इन प्रेरणादायी संवादों ने प्रत्येक जेम (GEM) बालिका के लिए पुन: एक सशक्त संदेश दिया कि — साहस, समर्पण, दृढ़ता और आत्मविश्वास के साथ कोई भी सपना असंभव नहीं है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
