केन्द्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने मिजोरम के दो दिवसीय प्रवास का किया शुभारंभ
जनकल्याणकारी योजनाओं, नगरीय विकास कार्यों एवं भारत-म्यांमार सीमा क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा
मिजोरम । केन्द्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने अपने दो दिवसीय मिजोरम प्रवास का शुभारंभ किया। प्रवास के दौरान उन्होंने नगरीय विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, महिला सशक्तिकरण एवं सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता की।

आइजोल पहुंचने पर राज्य शासन के अधिकारियों एवं भारतीय जनता पार्टी, मिजोरम के पदाधिकारियों द्वारा उनका आत्मीय स्वागत किया गया। तत्पश्चात श्री साहू चम्फाई जिले पहुंचे, जहां सर्किट हाउस में जिला प्रशासन एवं स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा पारंपरिक स्वागत किया गया। इस अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में मिजोरम के प्रसिद्ध पारंपरिक ‘चेरो’ (बांस) नृत्य की प्रस्तुति दी गई।
इस अवसर पर श्री साहू ने कहा कि भारत की सांस्कृतिक विविधता ही देश की सबसे बड़ी शक्ति है, जो “विविधता में एकता” की भावना को और अधिक सशक्त बनाती है। उन्होंने मिजोरम की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत एवं सामाजिक समरसता की सराहना की।
प्रवास के दौरान श्री साहू ने राशी वेंग स्व-सहायता समूह की महिलाओं से संवाद कर उनके आजीविका गतिविधियों, स्वरोजगार, उपलब्धियों एवं स्थानीय चुनौतियों की जानकारी ली। उन्होंने महिला सशक्तिकरण एवं समुदाय आधारित विकास में स्व-सहायता समूहों की भूमिका की सराहना करते हुए उन्हें विकासात्मक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता हेतु प्रेरित किया।
श्री साहू ने स्व-सहायता समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों की गुणवत्ता एवं विशिष्टता की प्रशंसा करते हुए उन्हें दिल्ली सहित देश के अन्य प्रमुख शहरों में विपणन के अवसर तलाशने हेतु प्रोत्साहित किया। उन्होंने राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन अंतर्गत समूहों को प्रदान की जा रही सहायता की भी जानकारी ली। स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने एवं डिजिटल लेन-देन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से उन्होंने स्वयं सहायता समूह सदस्यों से उत्पाद क्रय कर (यूपीआई) माध्यम से भुगतान किया।
इसके पश्चात श्री साहू ने जिला अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित कर स्वास्थ्य एवं पोषण, शिक्षा, कृषि एवं जल संसाधन, अधोसंरचना विकास तथा शहरी विकास से संबंधित केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने योजनाओं के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन तथा अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने पर विशेष बल दिया। साथ ही अधिकारियों को विभागीय समन्वय मजबूत करने एवं लंबित मामलों के त्वरित निराकरण हेतु आवश्यक निर्देश दिए।
बैठक को संबोधित करते हुए श्री साहू ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार पूर्वोत्तर क्षेत्र के समग्र विकास, कनेक्टिविटी, अधोसंरचना विस्तार, आजीविका संवर्धन एवं समावेशी विकास के लिए निरंतर प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
दोपहर बाद श्री साहू ने जोखावथर गांव स्थित भारत-म्यांमार सीमा क्षेत्र का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा असम राइफल्स एवं पुलिस के जवानों से संवाद किया। उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्र में चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में राष्ट्र सेवा कर रहे सुरक्षा बलों के समर्पण एवं साहस की सराहना की।
उन्होंने म्यांमार सीमा से होने वाली नशीले पदार्थों की तस्करी एवं असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु सुरक्षा एजेंसियों के बीच समन्वय एवं सतर्कता बढ़ाने पर जोर दिया तथा जवानों से राष्ट्रहित में पूरी निष्ठा एवं अनुशासन के साथ कार्य करते रहने का आह्वान किया।
इसके उपरांत श्री साहू ने जोखावथर गांव के ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरतापूर्वक सुना। उन्होंने अपने ग्राम सरपंच के रूप में कार्य करने के अनुभव साझा करते हुए कहा कि ग्रामीण एवं सीमावर्ती क्षेत्रों की चुनौतियों और आवश्यकताओं को वे भलीभांति समझते हैं।
उन्होंने ग्रामीणों को आयुष्मान भारत, सार्वजनिक वितरण प्रणाली एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए इन योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने का आग्रह किया। ग्रामीणों ने केंद्र सरकार द्वारा संचालित विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन “वंदे मातरम्” एवं “भारत माता की जय” के नारों के साथ राष्ट्रभक्ति के वातावरण में हुआ।
सायंकाल श्री साहू ने सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट फैसिलिटी का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक अधोसंरचना तैयार होने के मद्देनजर कार्यों को तत्काल प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार स्वच्छ, हरित एवं सतत शहरी विकास के संकल्प के साथ ‘गार्बेज फ्री सिटीज़’ एवं ‘स्वच्छ भारत’ के लक्ष्य को साकार करने हेतु नगरीय निकायों को सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
