नवलपुर गुड़ फैक्ट्री चोरी कांड का खुलासा, लोरमी पुलिस ने चार आरोपियों को किया गिरफ्तार

0
IMG_20260530_120842_613

‘ऑपरेशन बाज’ के तहत बड़ी कार्रवाई, चोरी का सामान और वाहन सहित 4.88 लाख रुपये का मशरूका जब्त

मुंगेली । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन बाज” के तहत लोरमी पुलिस ने नवलपुर स्थित महामाया गुड़ फैक्ट्री में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, लूना और पिकअप वाहन सहित कुल 4 लाख 88 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 26 मई 2026 को प्रार्थी हेमंत कुमार कश्यप निवासी नवलपुर ने थाना लोरमी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि ग्राम नवलपुर स्थित उनकी महामाया गुड़ फैक्ट्री, जो पिछले दो वर्षों से बंद पड़ी है, वहां अज्ञात चोरों ने कमरों का ताला तोड़कर बिजली मोटर, चरखा मोटर, जूस मोटर, चैन कुप्पी ब्लॉक, स्टार्टर, लोहे का कबाड़ एवं अन्य सामान चोरी कर लिया है। चोरी गए सामान की कीमत करीब 66 हजार रुपये बताई गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी हरविंदर सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई।

दोबारा चोरी की कोशिश में पकड़ाया आरोपी

विवेचना के दौरान पुलिस को मुखबिर और तकनीकी इनपुट के आधार पर महत्वपूर्ण जानकारी मिली। पुलिस टीम ने 26 मई की रात फिर से फैक्ट्री में चोरी का प्रयास कर रहे एक संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम मनीष देवार निवासी शिवघाट लोरमी बताया।

मनोवैज्ञानिक और तथ्यात्मक पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों कन्हैया उर्फ बोदकू देवार, शिवा देवार, भोदू देवार, बिन्नू देवार और करनदाता देवार के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया।

इसके बाद पुलिस ने कन्हैया उर्फ बोदकू देवार को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने भी चोरी की घटना में शामिल होना स्वीकार कर लिया।

चोरी का सामान खरीदने वाले कबाड़ी भी गिरफ्तार

जांच के दौरान पुलिस ने चोरी का सामान खरीदने वाले कबाड़ी संचालक शंकर देवार निवासी शिवघाट लोरमी तथा असगर खान निवासी बड़ा बाजार मुंगेली को भी हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने चोरी का सामान खरीदना स्वीकार किया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का मशरूका, एक एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल, बिना नंबर की टीवीएस लूना और एक पिकअप वाहन जब्त किया। कुल जब्त संपत्ति की कीमत 4 लाख 88 हजार रुपये आंकी गई है।

चार आरोपी जेल भेजे गए

पुलिस ने मामले में मनीष देवार, कन्हैया उर्फ बोदकू देवार, शंकर देवार और असगर खान को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। वहीं अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

मामले में थाना लोरमी में अपराध क्रमांक 233/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज किया गया है।

पुलिस ने नागरिकों से की अपील

मुंगेली पुलिस ने नागरिकों से अपने घरों और दुकानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल डायल-112 या नजदीकी थाना को देने की अपील की है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश वैष्णव, उप निरीक्षक यशवंत राजपूत, प्रधान आरक्षक दयाल गवास्कर, लोकेश्वर कौशिक, चंद्रकुमार ध्रुव सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
error: Content is protected !!