स्वच्छता महाअभियान 2026 के तहत मुंगेली में निकली ‘सक्षम शहर’ स्वच्छता वाहनों की भव्य रैली

0
IMG_20260530_121007_447

“स्वच्छ मुंगेली, स्वस्थ मुंगेली” के संकल्प के साथ चार रंगों के डस्टबिन उपयोग का दिया संदेश

मुंगेली। नगर पालिका परिषद मुंगेली द्वारा ‘स्वच्छता महाअभियान 2026’ के अंतर्गत बुधवार सुबह एक विशाल ‘सक्षम शहर’ स्वच्छता रैली का आयोजन किया गया। इस अभियान में मुख्य नगर पालिका अधिकारी होरी सिंह ठाकुर सहित नगर पालिका के अधिकारी, कर्मचारी, सफाई मित्र, स्वच्छता दीदियां एवं स्वच्छता कमांडो बड़ी संख्या में शामिल हुए।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शहरवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना तथा “स्वच्छ मुंगेली, स्वस्थ मुंगेली” के संकल्प के साथ चार रंगों के डस्टबिन के उपयोग को बढ़ावा देना रहा।

NTPC World Environment Day

आगर खेल परिसर से निकली रैली

स्वच्छता रैली का शुभारंभ सुबह 7 बजे स्थानीय आगर खेल परिसर से किया गया। मुख्य नगर पालिका अधिकारी होरी सिंह ठाकुर ने हरी झंडी दिखाकर स्वच्छता वाहनों को रवाना किया। इस दौरान उन्होंने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि मुंगेली को स्वच्छ और कचरा मुक्त बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि जब शहर स्वच्छ रहेगा, तभी नागरिक स्वस्थ रहेंगे। कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका कर्मचारियों, सफाई मित्रों, स्वच्छता दीदियों और नागरिकों को स्वच्छता की सामूहिक शपथ भी दिलाई गई। सभी ने सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग बंद करने तथा शहर को स्वच्छ बनाए रखने का संकल्प लिया।

चार रंगों के डस्टबिन का दिया गया संदेश

रैली की विशेषता यह रही कि नगर पालिका के सभी स्वच्छता वाहनों—ऑटो टिपर, ई-रिक्शा, ट्राई साइकिल, ट्रैक्टर और कम्पैक्टर—पर जागरूकता संदेश वाले विशेष साइन बोर्ड लगाए गए थे। इनके माध्यम से लोगों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों के तहत कचरे को अलग-अलग डस्टबिन में डालने की जानकारी दी गई।

अभियान के तहत नागरिकों को बताया गया कि हरे डस्टबिन में गीला कचरा जैसे रसोई अपशिष्ट और फल-सब्जियों के छिलके डालें। नीले डस्टबिन का उपयोग सूखे कचरे जैसे प्लास्टिक, कागज और कांच के लिए करें। पीले डस्टबिन में सेनेटरी कचरा तथा काले डस्टबिन में घरेलू हानिकारक कचरा जैसे बैटरी, ई-वेस्ट और पुरानी दवाइयां डालने की अपील की गई।

शहर के मुख्य मार्गों से गुजरी रैली

यह भव्य रैली आगर खेल परिसर से निकलकर शहर के प्रमुख मार्गों, चौराहों और बस स्टैंड क्षेत्र से होते हुए नगर पालिका कार्यालय पहुंची। रैली के दौरान सफाई मित्रों और स्वच्छता दीदियों ने “स्वच्छ मुंगेली, स्वस्थ मुंगेली” के नारे लगाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। साथ ही नागरिकों से अपील की गई कि वे कचरा खुले में फेंकने के बजाय नगर पालिका की गाड़ियों में ही डालें।

नगर पालिका कार्यालय में हुआ समापन

शहर भ्रमण के बाद रैली का समापन नगर पालिका कार्यालय परिसर में किया गया। अंत में नगर पालिका प्रशासन की ओर से कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी कर्मचारियों, सफाई मित्रों, स्वच्छता दीदियों, कमांडो और नागरिकों का आभार व्यक्त किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!