अमरकंटक की बेटी शिखा सिंह राजपूत का आरक्षक पद पर चयन , क्षेत्र का बढ़ाया मान
माता-पिता सहित पूरे अमरकंटक में खुशी की लहर , बधाइयों का लगा तांता
संवाददाता – श्रवण कुमार उपाध्याय
अमरकंटक – मां नर्मदा की उद्गम स्थली एवं पवित्र नगरी अमरकंटक की होनहार बेटी शिखा सिंह राजपूत ने मध्य प्रदेश पुलिस में आरक्षक (कांस्टेबल) पद पर चयनित होकर अपने माता-पिता एवं पूरे क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है।
शिखा सिंह राजपूत, पिता नारायण सिंह राजपूत एवं माता श्रीमती नेहा राजपूत की सुपुत्री हैं। उनकी इस उपलब्धि से परिवार में हर्ष का माहौल है। माता-पिता ने बेटी की सफलता पर गर्व व्यक्त करते हुए इसे उसके परिश्रम, लगन और दृढ़ संकल्प का परिणाम बताया।
शिखा ने अपनी प्रारंभिक एवं स्कूली शिक्षा अमरकंटक स्थित सरस्वती शिशु मंदिर एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालय से प्राप्त की। बारहवीं उत्तीर्ण करने के पश्चात उन्होंने होम साइंस कॉलेज, जबलपुर से उच्च शिक्षा ग्रहण की। शिक्षा पूर्ण करने के बाद उन्होंने मध्य प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा में सफलता प्राप्त कर आरक्षक पद हासिल किया।

वर्तमान में शिखा सिंह राजपूत ने जबलपुर पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय में अपनी सेवाएं प्रारंभ कर दी हैं और पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ देश एवं समाज की सेवा के लिए तत्पर हैं।
शिखा की इस सफलता पर परिवारजनों, रिश्तेदारों, मित्रों, शिक्षकों एवं अमरकंटक क्षेत्र के नागरिकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं एवं बधाइयां दी हैं। उनकी उपलब्धि क्षेत्र की अन्य बेटियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनकर सामने आई है।


The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

