जनसमस्याओं के समाधान के लिए मंत्री तोखन साहू मैदान में, अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
विद्यालय की जर्जर स्थिति, आंगनबाड़ी केंद्र और राशन वितरण की शिकायतों पर लिया संज्ञान
रतनपुर/बिलासपुर। केंद्र सरकार में आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तथा बिलासपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री तोखन साहू ने रतनपुर नगर के वार्ड क्रमांक 1 में पहुंचकर आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए उन्होंने मौके पर ही अधिकारियों से दूरभाष पर चर्चा कर समस्याओं के निराकरण की दिशा में आवश्यक कदम उठाने को कहा।
जनसंपर्क कार्यक्रम के दौरान वार्डवासियों ने क्षेत्र की विभिन्न मूलभूत समस्याओं से मंत्री श्री साहू को अवगत कराया। नागरिकों ने विशेष रूप से वार्ड स्थित प्राथमिक विद्यालय की जर्जर एवं अव्यवस्थित स्थिति की ओर ध्यान आकर्षित किया। स्थानीय लोगों ने बताया कि विद्यालय भवन की स्थिति लंबे समय से चिंताजनक बनी हुई है, जिससे बच्चों की पढ़ाई और सुरक्षा दोनों प्रभावित हो रही हैं।
मामले को गंभीरता से लेते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री श्री साहू ने तत्काल जिला शिक्षा अधिकारी से दूरभाष पर संपर्क किया और विद्यालय की वास्तविक स्थिति का निरीक्षण कर आवश्यक सुधारात्मक कार्य शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है और इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
इस दौरान वार्डवासियों ने क्षेत्र में आंगनबाड़ी केंद्र की आवश्यकता भी मंत्री के समक्ष रखी। स्थानीय महिलाओं और नागरिकों ने बताया कि छोटे बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं को सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आंगनबाड़ी केंद्र की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही है। इस पर मंत्री श्री साहू ने महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी सहित संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर प्रस्ताव का परीक्षण करने तथा निर्धारित मापदंडों के अनुरूप आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत राशन वितरण में आ रही समस्याओं का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। नागरिकों ने राशन वितरण में अनियमितता और अन्य शिकायतों की जानकारी मंत्री को दी। इस पर उन्होंने संबंधित खाद्य विभाग के अधिकारियों को तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पात्र हितग्राहियों को समय पर और सुचारु रूप से राशन उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
श्री साहू ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की उदासीनता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए और नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान ही जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए लोगों की अपेक्षाओं पर खरा उतरना होगा। उन्होंने अधिकारियों से नियमित रूप से क्षेत्रीय समस्याओं की समीक्षा करने और शिकायतों का त्वरित निराकरण करने को कहा।
रतनपुर में आयोजित इस जनसंपर्क कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। लोगों ने अपनी समस्याएं सीधे केंद्रीय राज्य मंत्री के समक्ष रखीं, जिस पर मंत्री ने गंभीरता से संज्ञान लेते हुए समाधान की दिशा में पहल की। क्षेत्रवासियों ने भी जनसमस्याओं के प्रति दिखाई गई तत्परता पर संतोष व्यक्त किया।
जनता से सीधे संवाद और समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए अधिकारियों को दिए गए निर्देशों को स्थानीय स्तर पर सकारात्मक पहल के रूप में देखा जा रहा है। अब लोगों की निगाहें संबंधित विभागों द्वारा की जाने वाली आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

