सीएम हेल्पलाइन 1076 से लौटी रोशनी, संतोषी नगर की बंद स्ट्रीट लाइटें हुईं चालू
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सुशासन पहल से त्वरित समाधान, नागरिकों में बढ़ा भरोसा
महिलाओं, बच्चों और राहगीरों को मिला सुरक्षित आवागमन का भरोसा
डिजिटल शिकायत निवारण प्रणाली से शासन और जनता के बीच बढ़ा विश्वास

रायपुर । सीएम हेल्पलाइन 1076 छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित और पारदर्शी समाधान के लिए शुरू किया गया एक एकीकृत मंच है। यह टोल-फ्री नंबर 24 घंटे और सातों दिन सक्रिय रहता है, जहाँ नागरिक बिना किसी सरकारी कार्यालय के चक्कर लगाए अपनी शिकायतें सीधे शासन तक पहुँचा सकते हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार की जनहितकारी पहल सीएम हेल्पलाइन 1076 आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी निराकरण का सशक्त माध्यम बनकर उभर रही है। यह व्यवस्था न केवल लोगों की शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित कर रही है, बल्कि सुशासन के प्रति नागरिकों का विश्वास भी लगातार मजबूत कर रही है।
स्थानीय नागरिकों में था असुरक्षा का वातावरण इसका ताजा उदाहरण दुर्ग जिले के भिलाई नगर निगम क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 33 स्थित संतोषी नगर में देखने को मिला, जहां कई दिनों से बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों के कारण शाम ढलते ही पूरे क्षेत्र में अंधेरा छा जाता था। इससे महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों और राहगीरों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। साथ ही अंधेरे के कारण असामाजिक गतिविधियों की आशंका बढ़ने से स्थानीय नागरिकों में असुरक्षा का वातावरण भी बन गया था।
सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत, विभाग ने दिखाई तत्परता क्षेत्र के जागरूक नागरिक श्री बोल बम गुप्ता ने इस समस्या के समाधान के लिए सीएम हेल्पलाइन 1076 पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत प्राप्त होते ही संबंधित विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बंद पड़ी सभी स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत कर उन्हें पुनः चालू कर दिया। कुछ ही दिनों में पूरे वार्ड में रोशनी लौट आई और नागरिकों को राहत मिली।
रोशनी लौटने से बढ़ी सुरक्षा, नागरिकों ने जताया संतोष स्ट्रीट लाइटों के पुनः चालू होने से अब क्षेत्र में रात्रिकालीन आवागमन सुरक्षित और सुगम हो गया है। महिलाओं, बच्चों एवं आम नागरिकों को पहले की तुलना में अधिक सुरक्षा का अनुभव हो रहा है तथा अंधेरे का लाभ उठाकर होने वाली असामाजिक गतिविधियों पर भी प्रभावी नियंत्रण स्थापित हुआ है।
सुशासन का सशक्त माध्यम बनी सीएम हेल्पलाइन 1076 यह उदाहरण बताता है कि छत्तीसगढ़ सरकार की शिकायत निवारण व्यवस्था अब केवल औपचारिक प्रक्रिया नहीं रह गई है, बल्कि जनसमस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बन चुकी है। डिजिटल तकनीक आधारित सीएम हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से शासन और जनता के बीच संवाद और विश्वास दोनों मजबूत हुए हैं। संतोषी नगर के नागरिकों ने समस्या के शीघ्र समाधान पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की संवेदनशील और जवाबदेह कार्यप्रणाली से आम लोगों को वास्तविक राहत मिल रही है तथा सुशासन का लाभ सीधे नागरिकों तक पहुंच रहा है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

