जग्गू भगवानपुरिया गैंग का गैंगस्टर नीतीश कौशल पकड़ा गया, अमेरिका ने 2 दिन पहले ही मोस्ट वांटेड लिस्ट में किया था शामिल

0
6-39

नई दिल्ली । अमेरिकी जांच एजेंसी FBI ने जग्गू भगवानपुरिया गैंग से जुड़े गैंगस्टर नीतीश कौशल को अमेरिका के वर्मोंट (Vermont) से गिरफ्तार कर लिया है। खास बात यह है कि FBI ने महज दो दिन पहले ही उसे अपनी मोस्ट वांटेड सूची में शामिल किया था। गिरफ्तारी अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध सिंडिकेट के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन हार्ड बॉल’ (Operation Hard Ball) के तहत की गई है।

FBI के अनुसार, नीतीश कौशल पर अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध सिंडिकेट का सक्रिय सदस्य होने का आरोप है। जांच एजेंसी का दावा है कि वह हत्या, ड्रग तस्करी, रंगदारी, अपहरण, हथियारों की तस्करी, हवाला और मानव तस्करी जैसे गंभीर अपराधों में शामिल रहा है।

जांच एजेंसियों के मुताबिक, जग्गू भगवानपुरिया गैंग की जड़ें पंजाब से जुड़ी हैं, जबकि इसका नेटवर्क अमेरिका के कैलिफोर्निया समेत कई देशों तक फैला हुआ है। आरोप है कि नीतीश कौशल ने गैंग के लिए अपहरण, हमलों और अन्य हिंसक वारदातों को अंजाम दिया।

25 जून को कैलिफोर्निया के सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट की फेडरल कोर्ट ने नीतीश कौशल के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। उसके खिलाफ Racketeer Influenced and Corrupt Organizations (RICO) Conspiracy के तहत मामला दर्ज किया गया था।

FBI का ‘ऑपरेशन हार्ड बॉल’ अमेरिका, कनाडा और यूरोप में फैले अंतरराष्ट्रीय अपराध नेटवर्क के खिलाफ चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत 50 से अधिक स्थानों पर छापेमारी की गई है। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में प्रतिबंधित सामान और मादक पदार्थ जब्त किए गए हैं।

FBI के निशाने पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग, जग्गू भगवानपुरिया गैंग और गोल्डी बराड़ से जुड़े नेटवर्क भी हैं। एजेंसी इन संगठित अपराध सिंडिकेटों के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए लगातार अभियान चला रही है।

अमेरिका की ग्रैंड ज्यूरी पहले ही अमेरिका, कनाडा, मेक्सिको और भारत तक फैले कथित अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध नेटवर्क का खुलासा कर चुकी है। चार्जशीट में जग्गू भगवानपुरिया और उसके सहयोगियों पर अवैध हथियारों की तस्करी, रंगदारी, हत्या की साजिश और ड्रग तस्करी जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। जांच एजेंसियां पहले भी अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको में फैले इस गैंग के ड्रग तस्करी नेटवर्क को लेकर कई बड़े खुलासे कर चुकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
error: Content is protected !!