बंजर जमीन को हरियाली में बदलने निकले गांव के युवा, लोहदा में 400 पौधों का रोपण
रिपोर्टर ✒️ मनीष अग्रवाल
शिक्षकों और ग्रामीणों ने श्रमदान कर पेश की मिसाल, स्वयं के खर्च पर पौधे और सुरक्षा की व्यवस्था
सरगांव। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में ग्राम लोहदा के युवाओं ने एक प्रेरणादायी पहल करते हुए गांव की बंजर भूमि को हरियाली में बदलने का संकल्प लिया है। ग्रामीणों के सामूहिक प्रयास से लगभग 400 पौधों का रोपण किया गया। विशेष बात यह रही कि पौधों की खरीद से लेकर उनकी सुरक्षा के लिए घेराबंदी तक की पूरी व्यवस्था युवाओं ने अपने स्वयं के खर्च पर की।
इस वृक्षारोपण अभियान का नेतृत्व गांव के युवा शिक्षक कलेश्वर साहू, अशोक बरगाह, भुवनेश्वर साहू (बब्बू) और अश्वनी साहू (बीएसएफ) ने किया। इन सभी ने बिलासपुर जिले के कोटा विकासखंड से विभिन्न प्रजातियों के पौधे मंगवाए और पौधों को सुरक्षित रखने के लिए तार-जाली लगवाकर उनकी सुरक्षा भी सुनिश्चित की।

पर्यावरण संरक्षण के प्रति समर्पित शिक्षक कलेश्वर साहू इससे पहले भी अपने व्यक्तिगत प्रयास से तीन लाख सीड बॉल तैयार कर चुके हैं, जिन्हें विभिन्न क्षेत्रों में फैलाकर हरियाली बढ़ाने का अभियान चलाया गया था। उनके इस कार्य की भी व्यापक सराहना हो चुकी है।

ग्रामीणों ने किया श्रमदान
वृक्षारोपण अभियान में गांव के लोकेश साहू, टिकेंद्र साहू, राजा साहू, रमेश साहू, शत्रुघ्न साहू, जगत साहू, सुकलहिन साहू, अंकित साहू, भागीरथी, दिलहरन, शंकर, रघुनंदन साहू और तेजू साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने श्रमदान किया। सभी ने मिलकर बंजर भूमि की सफाई की, गड्ढे तैयार किए और पौधों का रोपण कर उनकी देखभाल का संकल्प लिया।
गांव के लिए बनेगी प्रेरणा
ग्रामीणों का कहना है कि यह अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने का प्रयास भी है। बंजर भूमि पर विकसित होने वाली हरियाली भविष्य में गांव के वातावरण को स्वच्छ बनाएगी, जैव विविधता को बढ़ावा देगी और जलवायु संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
ग्राम लोहदा के युवाओं की यह पहल इस बात का उदाहरण है कि यदि समाज स्वयं आगे आए तो पर्यावरण संरक्षण जैसे बड़े लक्ष्य भी जनसहभागिता से आसानी से पूरे किए जा सकते हैं।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

