बिलासपुर संभागायुक्त सुनील जैन ने जिला अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 की शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें – संभागायुक्त
राजस्व प्रकरणों के ऑनलाइन पंजीयन, ई-ऑफिस के प्रभावी संचालन तथा शिक्षा, स्वास्थ्य और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा
रायपुर । बिलासपुर संभागायुक्त सुनील जैन ने शुक्रवार को जांजगीर-चांपा कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय अधिकारियों की विस्तृत समीक्षा बैठक लेकर शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं, विकास कार्यों तथा जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रगति का जायजा लिया। बैठक में उन्होंने सभी विभागों को जनहित से जुड़े कार्यों में संवेदनशीलता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंचे, इसके लिए सभी विभाग बेहतर समन्वय के साथ कार्य करें।
बैठक में संभागायुक्त ने सबसे पहले मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के तहत प्राप्त शिकायतों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने धीमी प्रगति वाले विभागों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाए। नियमित मॉनिटरिंग, जवाबदेही और प्रभावी फॉलोअप के माध्यम से शिकायतों का संतोषजनक समाधान किया जाना चाहिए।
संभागायुक्त ने प्रशासनिक कार्यों में तकनीक के अधिकतम उपयोग पर जोर देते हुए सभी विभागों को ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से कार्यालयीन कार्य संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व न्यायालयों में दर्ज सभी प्रकरणों का ऑनलाइन पंजीयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि कार्यों में पारदर्शिता और गति लाई जा सके।

राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान ऑटो डायवर्सन, अविवादित नामांतरण, भू-अर्जन, मुआवजा वितरण सहित विभिन्न लंबित राजस्व प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राजस्व संबंधी मामलों में अनावश्यक विलंब से आम नागरिकों को परेशानी होती है, इसलिए इन प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए।
बैठक में एग्रीस्टैक एवं फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति की भी समीक्षा की गई। संभागायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शेष पात्र किसानों का पंजीयन शीघ्र पूर्ण कराया जाए, ताकि उन्हें शासन की विभिन्न कृषि योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।
महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान जिले में कुपोषण की स्थिति पर विस्तार से चर्चा हुई। संभागायुक्त ने कुपोषण की दर में कमी लाने के लिए सभी संबंधित विभागों के समन्वित प्रयासों पर बल दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा जहां पानी की टंकियां उपलब्ध नहीं हैं वहां शीघ्र प्रस्ताव तैयार कर भेजने के निर्देश दिए।
शिक्षा विभाग की समीक्षा में उन्होंने शिक्षकों एवं कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए ई-अटेंडेंस का शत-प्रतिशत उपयोग करने पर जोर दिया। साथ ही अपार आईडी, पीएम श्री स्कूल और बाल वाटिका के प्रभावी संचालन की समीक्षा करते हुए इनके बेहतर क्रियान्वयन के निर्देश दिए। उन्होंने कक्षा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी, परीक्षा परिणामों का विद्यालयवार विश्लेषण तथा कमजोर प्रदर्शन वाले विद्यालयों के लिए विशेष शैक्षणिक सुधार योजना तैयार करने पर भी बल दिया।
संभागायुक्त ने प्रधानमंत्री आवास योजना तथा विकसित भारत जी राम जी योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए अप्रारंभ कार्यों को तत्काल प्रारंभ कर निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर मिलना चाहिए। इसके अलावा लखपति दीदी योजना के माध्यम से अधिक से अधिक स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने पर भी विशेष जोर दिया।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा में उन्होंने जल जीवन मिशन के शेष कार्यों में तेजी लाने, सभी पेयजल स्रोतों का नियमित क्लोरीनीकरण सुनिश्चित करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षित और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने आयुष्मान भारत कार्ड एवं वय वंदना कार्ड का शत-प्रतिशत निर्माण सुनिश्चित करने तथा इनके व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी बल दिया, ताकि अधिक से अधिक पात्र नागरिक इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।
नगरीय निकायों की समीक्षा के दौरान अमृत योजना, जल आवर्धन योजना तथा प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। विद्युत विभाग की समीक्षा में प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति बढ़ाने तथा लो-वोल्टेज से प्रभावित क्षेत्रों में अतिरिक्त ट्रांसफार्मर स्थापित करने के निर्देश दिए गए।
कृषि विभाग की समीक्षा करते हुए संभागायुक्त ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत सभी पात्र किसानों का पंजीयन सुनिश्चित करने, खाद एवं बीज की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने तथा किसानों को फसल चक्र अपनाने के लिए प्रेरित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि कृषि उत्पादन बढ़ाने और किसानों की आय में वृद्धि के लिए वैज्ञानिक खेती और योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन आवश्यक है।
बैठक में कलेक्टर जन्मेजय महोबे सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। समीक्षा बैठक में शासन की विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, समयबद्ध लक्ष्य प्राप्ति तथा जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देने पर विशेष जोर दिया गया।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

