मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 से बदली गांव की तस्वीर, सीसी रोड बनने से ग्रामीणों को मिली बड़ी राहत

0
IMG-20260723-WA1139

शिकायत के बाद त्वरित कार्रवाई, ग्राम दाउकापा में बहाल हुई सड़क, अब आसान हुआ आवागमन

रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में संचालित मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान का मजबूत माध्यम बनती जा रही है। मुंगेली जिले के लोरमी विकासखंड स्थित ग्राम दाउकापा में हेल्पलाइन के माध्यम से दर्ज एक शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रशासन ने लंबे समय से जर्जर पड़ी सड़क को सीसी रोड बनाकर पुनः बहाल कर दिया। इससे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है और गांव में आवागमन पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित एवं सुगम हो गया है।

ग्राम दाउकापा में जल जीवन मिशन के तहत प्रत्येक घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने के उद्देश्य से पाइपलाइन बिछाने का कार्य किया गया था। इस दौरान वार्ड क्रमांक-13 में सड़क खोदकर पाइपलाइन तो डाल दी गई, लेकिन निर्माण कार्य पूरा होने के बाद सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई। परिणामस्वरूप सड़क गड्ढों और उबड़-खाबड़ रास्ते में तब्दील हो गई, जिससे ग्रामीणों, विद्यार्थियों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों को प्रतिदिन आवागमन में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।

समस्या के लगातार बने रहने पर वार्ड निवासी करन साहू ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत प्राप्त होते ही लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया और अधिकारियों की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद तत्काल आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई और सड़क के पुनर्निर्माण का कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराया गया।

NTPC World Environment Day

विभाग की त्वरित पहल से वार्ड क्रमांक-13 में सीसी रोड का निर्माण कार्य पूरा कर सड़क को पहले से बेहतर स्थिति में बहाल कर दिया गया। सड़क बनने के बाद अब ग्रामीणों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल रही है। लंबे समय से बनी समस्या का स्थायी समाधान होने से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है।

शिकायतकर्ता करन साहू ने कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से उनकी शिकायत पर जिस तेजी और गंभीरता से कार्रवाई की गई, उससे शासन और प्रशासन के प्रति उनका विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, जिला प्रशासन तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब गांव के लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो रही है और सड़क बनने से पूरे वार्ड को सीधा लाभ मिला है।

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से इस तरह की त्वरित कार्रवाई यह दर्शाती है कि शासन नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए संवेदनशील और प्रतिबद्ध है। शिकायतों के समयबद्ध निराकरण से न केवल लोगों को राहत मिल रही है, बल्कि शासन के प्रति आमजन का विश्वास भी लगातार मजबूत हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!