सेवा सेतु से 3 दिनों में बना आय प्रमाण पत्र, अजय का 11वीं में हुआ दाखिला
डिजिटल सेवा से दूरस्थ क्षेत्र के छात्र की पढ़ाई का रास्ता हुआ आसान
रायपुर । छत्तीसगढ़ शासन के सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से घर बैठे ऑनलाइन आय प्रमाण पत्र बनवाया जा सकता है। इसके लिए पोर्टल पर पंजीकरण कर, राजस्व विभाग की इस सेवा का चयन करना होता है, जरूरी जानकारी व दस्तावेज अपलोड करने के बाद डिजिटल हस्ताक्षरयुक्त प्रमाण पत्र डाउनलोड किया जा सकता है। सुकमा जिले के दूरस्थ ग्राम नींबूपदर निवासी छात्र अजय कुमार के लिए छत्तीसगढ़ सरकार का ‘सेवा सेतु’ पोर्टल उसकी पढ़ाई के लिए मददगार साबित हुआ। कक्षा 11वीं में दाखिले के लिए आवश्यक आय प्रमाण पत्र महज तीन दिनों में बन जाने से अजय का समय पर स्कूल में प्रवेश हो गया और उसकी पढ़ाई का एक साल बर्बाद होने से बच गया।
दाखिले के लिए जरूरी था आय प्रमाण पत्र अजय कुमार, पिता श्री कोसा, को पीएम श्री स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यम स्कूल में कक्षा 11वीं में प्रवेश लेना था। दाखिले के लिए आय प्रमाण पत्र जरूरी था। दस्तावेज बनने में देरी होने की आशंका से अजय और उसका परिवार चिंतित था। ऐसे समय में ‘सेवा सेतु’ पोर्टल ने अजय के लिए सरकारी सेवा प्राप्त करने की प्रक्रिया को आसान और तेज बना दिया।


28 जून को आवेदन, तीन दिन में प्रमाण पत्र तैयार अजय ने 28 जून 2026 को तहसील कार्यालय, सुकमा में ‘सेवा सेतु’ पोर्टल के माध्यम से आय प्रमाण पत्र के लिए ऑनलाइन आवेदन किया। जिला प्रशासन की तत्परता और सेवा सेतु केंद्र की त्वरित कार्यप्रणाली से उसका आवेदन तेजी से आगे बढ़ा। महज तीन दिनों में अजय का आय प्रमाण पत्र बनकर तैयार हो गया। प्रमाण पत्र समय पर मिलते ही अजय का स्कूल में दाखिला हो गया। इससे उसकी पढ़ाई में कोई रुकावट नहीं आई और उसका एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक वर्ष भी बच गया। अजय कुमार ने बताया कि 11वीं कक्षा में दाखिले के लिए उसे आय प्रमाण पत्र की बहुत आवश्यकता थी। उसने ‘सेवा सेतु’ पोर्टल के माध्यम से आवेदन किया और केवल तीन दिनों में उसे प्रमाण पत्र मिल गया। प्रमाण पत्र मिलने के बाद उसका स्कूल में दाखिला हो गया। अजय ने त्वरित सहायता के लिए सेवा सेतु टीम और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
डिजिटल सेवा से ग्रामीणों को मिल रहा सीधा लाभ ‘सेवा सेतु’ पोर्टल के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न सरकारी सेवाएं सरल, पारदर्शी और कम समय में उपलब्ध हो रही हैं। इससे ग्रामीणों और विद्यार्थियों को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत कम हुई है। समय और धन की बचत के साथ ही बिचौलियों की भूमिका भी समाप्त हो रही है। सुकमा जैसे दूरस्थ क्षेत्र में अजय को मात्र तीन दिनों में आय प्रमाण पत्र मिलना डिजिटल सुशासन और प्रशासनिक तत्परता का प्रभावी उदाहरण है। ‘सेवा सेतु’ जैसी पहल सरकार की सेवाओं को गांव और अंतिम छोर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। अजय के चेहरे पर लौटी मुस्कान इस बात का प्रमाण है कि जब शासन की सेवाएं समय पर नागरिकों तक पहुंचती हैं, तो विकास और सुशासन का वास्तविक लाभ सीधे लोगों के जीवन में दिखाई देता है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

