उद्योगों में कार्यरत श्रमिकों और विदेशी नागरिकों की जानकारी थाने में देना होगा अनिवार्य, सिलतरा में पुलिस ने उद्योग प्रबंधन की ली बैठक
रायपुर। औद्योगिक क्षेत्र सिलतरा की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से रायपुर (ग्रामीण) पुलिस ने महत्वपूर्ण पहल की है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती स्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देशन में थाना सिलतरा में क्षेत्र की विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के प्रबंधन एवं मानव संसाधन (एचआर) अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उद्योगों में कार्यरत कर्मचारियों, श्रमिकों, बाहरी राज्यों से आए मजदूरों तथा विदेशी नागरिकों की जानकारी नियमित रूप से पुलिस को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रायपुर (ग्रामीण) एवं नोडल अधिकारी (अप्रवासी भारतीय) अभिषेक झा ने उद्योग प्रबंधन को संबोधित करते हुए कहा कि औद्योगिक क्षेत्र की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रत्येक उद्योग अपने यहां कार्यरत कर्मचारियों का अद्यतन रिकॉर्ड थाना सिलतरा में उपलब्ध कराए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी फैक्ट्री में विदेशी नागरिक, अप्रवासी भारतीय अथवा अन्य राज्यों से आए श्रमिक कार्यरत हों तो उनकी जानकारी भी तत्काल नियमानुसार पुलिस को दी जाए, ताकि आवश्यक सत्यापन एवं सुरक्षा संबंधी कार्रवाई समय पर की जा सके।
बैठक के दौरान उद्योग प्रबंधन को यह भी निर्देशित किया गया कि किसी नए कर्मचारी के नियुक्त होने, किसी कर्मचारी के नौकरी छोड़ने अथवा परिसर में किसी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल थाना सिलतरा को सूचित करें। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि कर्मचारियों का अद्यतन रिकॉर्ड बनाए रखना और पुलिस सत्यापन प्रक्रिया में सहयोग करना प्रत्येक औद्योगिक इकाई की जिम्मेदारी है।

पुलिस प्रशासन ने कहा कि उद्योगों और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होने से न केवल औद्योगिक क्षेत्र की सुरक्षा मजबूत होगी, बल्कि अपराधों की रोकथाम, संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में भी सहायता मिलेगी। औद्योगिक क्षेत्र में बड़ी संख्या में विभिन्न राज्यों के श्रमिक कार्यरत रहते हैं, ऐसे में उनका सत्यापन सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण है।
बैठक में उपस्थित उद्योग प्रबंधन एवं एचआर अधिकारियों ने पुलिस द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करने तथा आवश्यक सूचनाएं समय-समय पर उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने कहा कि उद्योग और पुलिस के बीच सतत संवाद से सुरक्षित औद्योगिक वातावरण तैयार करने में मदद मिलेगी।
रायपुर (ग्रामीण) पुलिस ने आम नागरिकों और औद्योगिक इकाइयों से अपील की है कि यदि किसी संदिग्ध व्यक्ति, विदेशी नागरिक, अप्रवासी भारतीय अथवा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। इसके लिए पुलिस ने टोल-फ्री नंबर 1800-233-1905 जारी किया है। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
बैठक में उप पुलिस अधीक्षक माना लम्बोदर पटेल, थाना प्रभारी सिलतरा राजेन्द्र सिंह कंवर सहित थाना सिलतरा का पुलिस स्टाफ तथा क्षेत्र की विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के प्रबंधन एवं मानव संसाधन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा करते हुए उद्योगों से पुलिस के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया गया।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

