यातायात पुलिस की सतर्कता से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद, संदिग्ध नंबर प्लेट ने खोला राज

0
IMG-20260728-WA1532

रायपुर। यातायात व्यवस्था के दौरान पुलिसकर्मियों की सतर्कता और तकनीकी जांच से चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद कर वाहन चोरी के मामले का खुलासा किया गया। पुलिस कमिश्नरेट रायपुर की क्विक रिस्पांस टीम (QRT-1) ने संदिग्ध नंबर प्लेट वाले वाहन की जांच कर उसे जब्त किया और सत्यापन के बाद संबंधित थाने को सुपुर्द कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 26 जुलाई 2026, रविवार की शाम करीब 5 बजे यातायात तेलीबांधा में पदस्थ प्रधान आरक्षक रामूराम महिलांगे एवं आरक्षक संजय नेताम राम मंदिर वीआईपी चौक पर यातायात व्यवस्था संभाल रहे थे। इसी दौरान लभांडी सर्विस रोड की ओर से एक मोटरसाइकिल पर तीन युवक सवार होकर पहुंचे। पुलिसकर्मियों की नजर वाहन की नंबर प्लेट पर पड़ी, जिसमें सामने की नंबर प्लेट के अंतिम चार अंक मुड़े हुए थे, जबकि पीछे नंबर प्लेट ही नहीं लगी थी। इस पर पुलिस को संदेह हुआ और वाहन को रोककर पूछताछ की गई।

पूछताछ के दौरान चालक वाहन के संबंध में संतोषजनक जानकारी नहीं दे सका। इसके बाद यातायात पुलिस ने मोबाइल डिवाइस के माध्यम से वाहन के पंजीयन का ऑनलाइन सत्यापन किया। प्रारंभिक जांच में वाहन क्रमांक CG 23 K 5753 का पंजीकृत स्वामी गणेश साहू सामने आया। पुलिस द्वारा संपर्क किए जाने पर गणेश साहू ने बताया कि उसकी मोटरसाइकिल सुरक्षित रूप से उसके घर फिंगेश्वर में खड़ी है। उन्होंने अपने वाहन की तस्वीर और आरसी बुक भी पुलिस को उपलब्ध कराई, जिससे संदेह और गहरा गया।

NTPC World Environment Day

इसके बाद पुलिस ने मोटरसाइकिल के चेसिस नंबर का मिलान किया। जांच में वाहन के वास्तविक स्वामी रोहित कुमार यादव, निवासी पंडरीपानी, पोस्ट सिवनी, थाना छुरा, जिला गरियाबंद का नाम सामने आया। रोहित कुमार यादव ने पुलिस को बताया कि उनकी मोटरसाइकिल फरवरी 2025 में चोरी हो गई थी और इसकी रिपोर्ट संबंधित थाने में दर्ज कराई गई थी।

यातायात पुलिस ने तत्काल थाना फिंगेश्वर, जिला गरियाबंद से संपर्क कर जानकारी का सत्यापन किया। जांच में पुष्टि हुई कि संबंधित मोटरसाइकिल की चोरी की रिपोर्ट थाने में दर्ज है। पुष्टि के बाद वाहन को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के लिए संबंधित थाना पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यातायात ड्यूटी के दौरान QRT-1 के पुलिसकर्मियों द्वारा दिखाई गई सतर्कता, तकनीकी संसाधनों का प्रभावी उपयोग और त्वरित कार्रवाई के कारण चोरी की मोटरसाइकिल बरामद करने के साथ वाहन चोरी के एक महत्वपूर्ण मामले का खुलासा संभव हो सका। इस सराहनीय कार्य के लिए पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने संबंधित पुलिसकर्मियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि इसी प्रकार की सजगता अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!