उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने मड़मड़ा में आंगनबाड़ी और अटल डिजिटल सेवा केंद्र का किया लोकार्पण

0
IMG-20261018-WA0877

कबरटोला में नवधा रामायण में हुए शामिल, ग्रामीणों के साथ रामधुन में हुए सराबोर

मड़मड़ा में 47.15 लाख रुपये की लागत से बनने वाले गौरव पथ का किया भूमिपूजन

मड़मड़ा और कबरटोला में विभिन्न विकास कार्यों की घोषणा, ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर निराकरण के दिए निर्देश

NTPC World Environment Day

रायपुर । उप मुख्यमंत्री तथा कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड अंतर्गत ग्राम मड़मड़ा और कबरटोला का सघन दौरा कर क्षेत्रवासियों को विभिन्न विकास कार्यों की महत्वपूर्ण सौगातें दीं। उन्होंने ग्राम मड़मड़ा में नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-01 तथा 5 लाख रुपये की लागत से बने अटल डिजिटल सेवा केंद्र भवन का विधिवत लोकार्पण किया। इसके साथ ही उन्होंने 47.15 लाख रुपये की लागत से बनने वाले 500 मीटर लंबे गौरव पथ का भूमिपूजन कर निर्माण कार्य की औपचारिक शुरुआत की। इस दौरान उप मुख्यमंत्री ने दोनों गांवों में सड़क, सामुदायिक भवन, सार्वजनिक मंच और नाली निर्माण सहित कई जनोपयोगी विकास कार्यों की घोषणाएं कीं।

ग्राम मड़मड़ा में नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्र का शुभारंभ उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति में स्थानीय महिलाओं ने फीता काटकर किया। इस नए और आधुनिक भवन के बन जाने से क्षेत्र के छोटे बच्चों को बेहतर वातावरण में प्रारंभिक शिक्षा, कुपोषण से मुक्ति हेतु पौष्टिक आहार तथा आंगनबाड़ी की अन्य मूलभूत सेवाओं का प्रत्यक्ष लाभ मिल सकेगा। उप मुख्यमंत्री शर्मा ने उपस्थित ग्रामीणों से संवाद करते हुए बच्चों के पोषण, प्रारंभिक शिक्षा और बेहतर स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, जिला पंचायत सदस्य मनीराम साहू, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विदेशीराम धुर्वे, जनपद अध्यक्ष रामकिंकर वर्मा सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि विशेष रूप से मौजूद रहे।

अटल डिजिटल सेवा केंद्र से गांव में ही मिलेंगी बैंकिंग सुविधाएं

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने ग्राम मड़मड़ा में 5 लाख रुपये की लागत से निर्मित अटल डिजिटल सेवा केंद्र भवन का लोकार्पण करते हुए ग्रामीणों को बधाई दी। इस आधुनिक केंद्र के माध्यम से अब ग्रामीणों को अपने ही गांव में बैंकिंग एवं समस्त डिजिटल सेवाओं की सुलभ सुविधा प्राप्त होगी। गांव के हितग्राही महतारी वंदन योजना, वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांग पेंशन सहित राज्य व केंद्र सरकार की विभिन्न शासकीय योजनाओं के तहत प्राप्त होने वाली सहायता राशि का आहरण आसानी से कर सकेंगे। इसके अतिरिक्त, राशि जमा करने जैसी मूलभूत बैंकिंग सुविधाओं का भी सीधा लाभ मिलेगा। इस व्यवस्था से ग्रामीणों को छोटे-छोटे बैंकिंग व वित्तीय कार्यों के लिए बार-बार शहर जाने की मजबूरी से मुक्ति मिलेगी, जिससे उनके कीमती समय और आवागमन के खर्च दोनों की बड़ी बचत होगी।

मड़मड़ा से बैजलपुर मुख्य मार्ग का मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना से होगा निर्माण

ग्राम मड़मड़ा के निवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कई महत्वपूर्ण सौगातों की घोषणा की। उन्होंने मड़मड़ा से बैजलपुर मुख्य मार्ग का निर्माण ‘मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना’ के अंतर्गत कराने का ऐलान किया। इसके साथ ही उन्होंने बाजार छपरी में 15 लाख रुपये, पटवारी भवन के समीप 10 लाख रुपये तथा पुरानी सोसायटी के पास 6.50 लाख रुपये की लागत से सर्वसुविधायुक्त सामुदायिक भवनों के निर्माण की घोषणा की।

कबरटोला में देवी दर्शन कर नवधा रामायण में हुए शामिल

अपने प्रवास के अगले चरण में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ग्राम कबरटोला पहुंचे, जहां वे आयोजित दुर्गोत्सव एवं नवधा रामायण समारोह में सम्मिलित हुए। उन्होंने मां भगवती के दर्शन-पूजन कर संपूर्ण प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली के लिए प्रार्थना की। तत्पश्चात, उन्होंने दुर्गोत्सव समिति द्वारा आयोजित नवधा रामायण कार्यक्रम में बैठकर भक्तिभाव से रामायण पाठ का श्रवण किया और रामधुन के पावन व भक्तिमय वातावरण में ग्रामीणों के साथ समय व्यतीत किया।

रामायण पाठ के समापन के उपरांत उप मुख्यमंत्री शर्मा ने ग्रामीणों के बीच बैठकर आत्मीय जनचौपाल लगाई। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं, शिकायतों और क्षेत्रीय मांगों को बेहद संवेदनशीलता के साथ सुना तथा मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों को त्वरित जांच एवं समयबद्ध निराकरण के सख्त निर्देश दिए। इस दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र में नई सड़कों, नालियों, सामुदायिक भवनों तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार से जुड़ी विभिन्न मांगें उनके समक्ष रखीं।

कबरटोला में 20.20 लाख रुपये के विकास कार्यों की घोषणा

ग्राम कबरटोला के समग्र विकास को गति देने के उद्देश्य से उप मुख्यमंत्री शर्मा ने कुल 20.20 लाख रुपये की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों की स्वीकृति की घोषणा की। इनमें शामिल प्रमुख कार्य हैं:

  • पंचायत भवन के समीप 6.50 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन का निर्माण।
  • 2.60-2.60 लाख रुपये की लागत से दो अलग-अलग स्थानों पर सीसी सड़कों का निर्माण।
  • नवधा रामायण मंच के पास 3.50 लाख रुपये की लागत से भव्य मंच का निर्माण।
  • शीतला मंदिर की ओर जाने वाले मार्ग पर 5 लाख रुपये की लागत से पक्की नाली का निर्माण।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!