चिल्हाटी में अमर शहीद वीर नारायण सिंह का शहादत दिवस श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया
रिपोर्टर ✒️ रूपचंद रॉय
पचपेड़ी । पचपेड़ी क्षेत्र के ग्राम पंचायत चिल्हाटी में छत्तीसगढ़ के प्रथम स्वतंत्रता सेनानी अमर शहीद वीर नारायण सिंह का शहादत दिवस सर्व आदिवासी समाज द्वारा अत्यंत श्रद्धा, उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग कार्यक्रम में शामिल हुए और शहीद वीर नारायण सिंह के बलिदान को नमन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत अमर शहीद वीर नारायण सिंह के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ की गई। इसके पश्चात पारंपरिक आदिवासी वेशभूषा में सजे युवक-युवतियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। मांदर और ढोल की थाप पर किए गए पारंपरिक नृत्यों ने पूरे वातावरण को देशभक्ति, सांस्कृतिक चेतना और उत्साह से भर दिया।
इसी क्रम में डाई के संदेश की टीम के साथ विनीता एवं नीतू द्वारा प्रस्तुत छत्तीसगढ़ी लोकगीतों ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया और कार्यक्रम में विशेष आकर्षण का केंद्र बने।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मध्य प्रदेश के मंडला जिले के सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते रहे। उन्होंने अमर शहीद वीर नारायण सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि आदिवासी समाज की भूमिका हमारी प्राचीन संस्कृति, परंपराओं और रीति-रिवाजों को जीवित रखने में अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने कहा कि वीर नारायण सिंह का संघर्ष आदिवासी अस्मिता, स्वाभिमान और अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाने का प्रतीक है, जो आज भी समाज को प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कक्षा पांचवीं, आठवीं, दसवीं एवं बारहवीं के टॉपर विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए शिक्षा को समाज के विकास की आधारशिला बताया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया, जिला पंचायत सदस्य सत्काली बावरे, जनपद पंचायत सभापति सरिता नरेंद्र नायक तथा सरपंच प्रतिनिधि विनोद पैकरा उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता ओम प्रकाश पैकरा ने की।
इस अवसर पर पूर्व स्वास्थ्य कर्मचारी कृष्ण मूर्ति बांधी, आर.एन. ध्रुव, श्रीराम मरकाम, प्रताप नाग, राजेश सूर्यवंशी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि अमर शहीद वीर नारायण सिंह का जीवन संघर्ष, त्याग और सामाजिक न्याय के लिए समर्पित रहा है, जो आज की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। कार्यक्रम का समापन शहीद को श्रद्धांजलि, राष्ट्रभक्ति नारों और समाज की एकता व उत्थान के संकल्प के साथ किया गया।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.




