‘‘पहल’’ अभियान के तहत पुलिस–व्यापारी संवाद, साइबर अपराध से लेकर नशामुक्ति तक पर हुई गंभीर चर्चामुंगेली पुलिस की अभिनव पहल, चेंबर ऑफ कामर्स के साथ एकदिवसीय जागरूकता बैठक आयोजित


मुंगेली । जिले में बढ़ते साइबर अपराध, यातायात अव्यवस्था और नशे की समस्या को लेकर मुंगेली पुलिस द्वारा चलाए जा रहे जन-जागरूकता अभियान ‘‘पहल’’ के अंतर्गत शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक कार्यालय मुंगेली के सभाकक्ष में आयोजित इस बैठक में छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कामर्स से जुड़े जिले के प्रमुख व्यापारी प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने की।
पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं और व्यापारी वर्ग भी इसके सीधे शिकार बन रहे हैं। उन्होंने ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी फ्रॉड और बैंकिंग धोखाधड़ी के मामलों में सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल साइबर टोल फ्री नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराना आवश्यक है, जिससे समय रहते कार्रवाई कर पीड़ित की राशि सुरक्षित की जा सके। साथ ही व्यापारियों से आग्रह किया गया कि वे अपने ग्राहकों और कर्मचारियों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।
बैठक में यातायात सुरक्षा को लेकर भी विशेष चर्चा की गई। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में अधिकांश मौतें नियमों की अनदेखी के कारण होती हैं। नाबालिगों को वाहन न सौंपने, हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग, गति सीमा का पालन तथा वैध दस्तावेज साथ रखने से कई जिंदगियां बचाई जा सकती हैं। उन्होंने व्यापारियों से आग्रह किया कि वे अपने प्रतिष्ठानों के माध्यम से यातायात नियमों के पालन का संदेश आमजन तक पहुँचाएं।
नशा एवं ड्रग्स के दुष्प्रभावों पर बोलते हुए पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति नहीं बल्कि पूरे परिवार और समाज को बर्बाद कर देता है। युवाओं का नशे की ओर बढ़ता रुझान भविष्य के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने व्यापारिक संगठनों से नशामुक्त समाज के निर्माण में पुलिस को सहयोग देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की। इस दौरान मेडिकल स्टोर संचालकों से विशेष रूप से आग्रह किया गया कि वे किसी भी प्रकार की नशीली दवाओं का अवैध भंडारण या बिक्री न करें।
बैठक में शहर की यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए भी सुझाव दिए गए। व्यापारियों से कहा गया कि वे अपनी दुकानों के होर्डिंग निर्धारित सीमा में लगाएं, जिससे बाहर से आने वाले ग्राहकों को वाहन पार्किंग में सुविधा हो और सड़क पर जाम की स्थिति न बने। दाऊपारा चौक से लेकर बालानी चौक व पड़ाव चौक तक के व्यापारियों से दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों को व्यवस्थित व सक्रिय रखने का आग्रह किया गया, ताकि किसी भी आपराधिक या संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा सके।
छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कामर्स के पदाधिकारियों ने मुंगेली पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ‘‘पहल’’ अभियान समाज को जागरूक करने की दिशा में एक सकारात्मक कदम है। चेंबर ने संकल्प लिया कि व्यापारी वर्ग साइबर फ्रॉड, यातायात नियमों और नशामुक्ति को लेकर आमजन को जागरूक करने में पुलिस का पूरा सहयोग करेगा।
पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने अंत में कहा कि व्यापारी समाज जिले की आर्थिक रीढ़ है। यदि व्यापारी जागरूक होंगे तो आम नागरिक स्वतः सुरक्षित होंगे। पुलिस और समाज के आपसी समन्वय से ही सुरक्षित, स्वस्थ और कानूनसम्मत मुंगेली का निर्माण संभव है।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मयंक तिवारी, छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कामर्स अध्यक्ष नरेंद्र कोटरिया, उपाध्यक्ष प्रेम आर्य, महामंत्री प्रवीण वैष्णव, जिला चेंबर अध्यक्ष राजकुमार वाधवा, सचिन वाधवा, शरद ताम्रकार, निखिल आडवाणी सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक का समापन सकारात्मक संवाद और सहयोग की भावना के साथ हुआ।

The News Related To The News Engaged In The https://apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

