कांग्रेस संगठन में उबाल, ब्लॉक अध्यक्ष पर गंभीर आरोप लोरमी–डिंडोरी के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष के नाम से जिला अध्यक्ष को सौंपा ज्ञापन, तत्काल पद से हटाने की मांग

0
IMG_20260112_083934_571.jpg

मुंगेली/लोरमी । कांग्रेस संगठन के भीतर अनुशासन, मर्यादा और संगठनात्मक एकता को लेकर एक बार फिर बड़ा विवाद सामने आया है। लोरमी ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नरेश पाटले के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आक्रोश अब खुलकर सामने आ गया है। लोरमी एवं डिंडोरी ब्लॉक के बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के नाम से आवेदन तैयार कर जिला कांग्रेस अध्यक्ष घनश्याम वर्मा को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में नरेश पाटले पर अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी देने और संगठन विरोधी गतिविधियों में संलिप्त रहने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

कार्यकर्ताओं ने शिकायत पत्र में बताया कि नरेश पाटले लगभग चार वर्षों से ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष के पद पर हैं, लेकिन उनके पूरे कार्यकाल में कांग्रेस संगठन लगातार कमजोर होता गया। पंचायत, जनपद, जिला पंचायत, विधानसभा और लोकसभा जैसे महत्वपूर्ण चुनावों में पार्टी को कोई उल्लेखनीय सफलता नहीं मिली। इसके बावजूद संगठन को मजबूत करने की दिशा में न तो आत्ममंथन किया गया और न ही कोई ठोस रणनीति अपनाई गई।

कार्यकर्ताओं का आरोप है कि नरेश पाटले बैठकों और सार्वजनिक कार्यक्रमों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ खुलेआम माँ-बहन की गालियाँ देते हैं तथा “मर्डर कर दूँगा” जैसी आपराधिक धमकियाँ देकर डराने का प्रयास करते हैं। इससे संगठन में भय और आतंक का माहौल बन गया है। कई पुराने, निष्ठावान और सक्रिय कार्यकर्ता अपमानित महसूस कर राजनीति से दूरी बनाने को मजबूर हो गए हैं, जिससे संगठन की जड़ें कमजोर होती जा रही हैं।

शिकायत में 28 दिसंबर को कांग्रेस स्थापना दिवस के अवसर पर मुंगेली स्थित कांग्रेस भवन में हुई घटना का विशेष उल्लेख किया गया है। बताया गया कि उस दिन डिंडोरी ब्लॉक से आए किसान भाई-बहनों को कांग्रेस की सदस्यता दिलाई जा रही थी। इसी दौरान नरेश पाटले ने आपा खोते हुए सार्वजनिक रूप से गाली-गलौज शुरू कर दी और एक कार्यकर्ता का कॉलर पकड़कर जान से मारने की धमकी दी। यह पूरी घटना पूर्व विधायक, पूर्व प्रत्याशी, जिला अध्यक्ष, नारी शक्ति संगठन की पदाधिकारी सहित कई वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में हुई, जिससे कांग्रेस की छवि को गंभीर नुकसान पहुँचा।

कार्यकर्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि नरेश पाटले सट्टा-जुआ जैसी सामाजिक बुराइयों में संलिप्त बताए जाते हैं और उनके संरक्षण में लोरमी क्षेत्र में अवैध सट्टा कारोबार फल-फूल रहा है। इससे न केवल पार्टी की साख प्रभावित हो रही है, बल्कि कई युवा इस लत में फंसकर अपनी जमीन-जायदाद तक बेचने को मजबूर हो रहे हैं, जिससे सैकड़ों परिवारों का भविष्य अंधकारमय हो गया है।

इसके साथ ही जनपद अध्यक्ष पद को लेकर कथित लेन-देन के आरोप भी लगाए गए हैं। कार्यकर्ताओं का कहना है कि इसी कारण संबंधित क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशी तक नहीं उतार सकी, जो सीधे तौर पर पार्टी हितों के खिलाफ है।

ज्ञापन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष से मांग की गई है कि नरेश पाटले को तत्काल ब्लॉक अध्यक्ष पद से हटाया जाए, उनके कृत्यों की निष्पक्ष जांच कराई जाए और संगठन को जोड़ने वाले, शालीन, संघर्षशील तथा कांग्रेस की विचारधारा के प्रति समर्पित व्यक्ति को यह जिम्मेदारी सौंपी जाए। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो कार्यकर्ताओं का मनोबल टूटेगा और संगठन को इसका गंभीर नुकसान उठाना पड़ेगा।

इस अवसर पर तोरण खांडे, अशोक सोनवानी, हीरा शायसेरा, खेम बघेल, पंकज रात्रे, लक्ष्माड जांगड़े, लाल दिवाकर, रेशम घृतलहरे, रेशम बंजारा, उज्जैन भास्कर, सनदास ओगर, धीरेंद्र घृतलहरे, शिव जांगड़े, तुलाराम बघेल, राजू मीरी, राजू रात्रे, जगदीश अनंत, तुलाराम खांडे, धनुष सेन, जाकिर हुसैन, दिलीप बंजारा, साहिल लहरिया, सुरेश टोनडे, आनंदा ओगर, देवप्रसाद खांडे, पुरुषोत्तम मार्को, रामप्रकाश यादव, दिना कश्यप, लखन कश्यप सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

जिला अध्यक्ष का बयान
इस पूरे मामले पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष घनश्याम वर्मा ने कहा कि संगठन में कार्यकर्ताओं को अपनी बात रखने का पूरा अधिकार है। उन्हें इस शिकायत की जानकारी मिली है और पार्टी नेतृत्व तथ्यों के आधार पर उचित निर्णय लेगा।

अब पूरे जिले की नजरें प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व के फैसले पर टिकी हैं कि वह संगठनात्मक अनुशासन, कार्यकर्ताओं की गरिमा और कांग्रेस की साख बनाए रखने के लिए क्या ठोस कदम उठाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!