खेल से होता है सर्वांगीण विकास — सूर्यवंशी
रिपोर्टर ✒️ रूपचंद रॉय
मस्तूरी में दो दिवसीय अंतर संकुल स्तरीय खेल महोत्सव संपन्न, बालक सीपत बना ओवरऑल चैंपियन
मस्तूरी (बिलासपुर)। विकासखंड मस्तूरी में अंतर संकुल स्तरीय खेल महोत्सव 2025-26 का भव्य आयोजन किया गया। संकुल केंद्र कन्या सीपत एवं बालक सीपत के संयुक्त तत्वावधान तथा स्व. बालक राम लदेर सेवा संस्था, जांजगीर-चांपा के विशेष सहयोग से यह दो दिवसीय खेल महोत्सव खेल ग्राम शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला कौवाताल में आयोजित हुआ। प्रतियोगिता का शुभारंभ 19 जनवरी 2026 को हुआ, जबकि 20 जनवरी को पुरस्कार वितरण एवं समापन समारोह आयोजित किया गया।
इस अंतर संकुल स्तरीय खेल महोत्सव में 17 विद्यालयों के लगभग 150 बालक-बालिका खिलाड़ियों ने भाग लेकर कबड्डी, खो-खो, दौड़, ऊंची कूद, लंबी कूद सहित विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
समापन समारोह में जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी
पुरस्कार वितरण एवं समापन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष बिलासपुर राजेश सूर्यवंशी रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने कहा कि खेल बच्चों के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम है। यदि खिलाड़ी अनुशासन, लगन और मेहनत के साथ अभ्यास करें, तो वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर क्षेत्र का नाम रोशन कर सकते हैं।
विशिष्ट अतिथियों में प्रदेश महामंत्री भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा चंद्रप्रकाश सूर्या, जनपद पंचायत मस्तूरी अध्यक्ष सरस्वती सोनवानी, सभापति मनोज खरे, जनपद सदस्य उषा देवी कैवर्त, उपाध्यक्ष किसान मोर्चा भट्ट, कन्या सीपत प्राचार्य ए.बी. कुजूर, सेजेस प्राचार्य सरिता यादव, विकासखंड स्रोत समन्वयक सूरज कुमार क्षत्री सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और शिक्षाविद उपस्थित रहे।
शिक्षा और खेल में संतुलन पर जोर
प्रदेश महामंत्री चंद्रप्रकाश सूर्या ने अपने उद्बोधन में कहा कि विद्यार्थियों को एक हाथ में पुस्तक और दूसरे हाथ में गुरु का सहारा लेकर आगे बढ़ना चाहिए। वहीं विकासखंड स्रोत समन्वयक सूरज कुमार क्षत्री ने आयोजन को प्रेरणादायक बताते हुए इसे बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाने वाला बताया।
बालक सीपत बना ओवरऑल चैंपियन
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए बालक सीपत की टीम ने ओवरऑल चैंपियनशिप अपने नाम की। प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक स्तर के विजेता बालक-बालिका खिलाड़ियों को अतिथियों के हाथों ट्रॉफी, मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
आयोजकों व खेल संचालनकर्ताओं का सम्मान
खेल संचालन में योगदान देने वाले संकुल शैक्षिक समन्वयक श्रीकांत श्रीवास, विनोद गोयल एवं ज्ञानेश्वर सिंह कौशिक को अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। सभी अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट कर आत्मीय सम्मान दिया गया।
कार्यक्रम का संचालन प्रमोद कुमार पाण्डेय, विनोद गोयल एवं ज्ञानेश्वर सिंह कौशिक ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन प्रधान पाठक रामकिशुन सूर्यवंशी द्वारा किया गया।
समापन अवसर पर बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं, ग्राम पंचायत प्रतिनिधि, एसएमसी सदस्य, पालकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे, जिससे आयोजन एक यादगार और प्रेरणादायक खेल उत्सव के रूप में संपन्न हुआ।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.




