आकांक्षी विकासखंड बोड़ला में संपूर्णता अभियान 2.0 का शुभारंभ

रिपोर्टर ✒️ कमलेश सिंह

बोड़ला विकासखंड की 125 ग्राम पंचायतों को सीधा लाभ
कवर्धा। भारत सरकार के नीति आयोग द्वारा संचालित आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम के तहत बोड़ला में आज संपूर्णता अभियान 2.0 का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में कलेक्टर गोपाल वर्मा, नगर पंचायत अध्यक्ष विजय पाटिल, जनपद अध्यक्ष बालका राम किनकर वर्मा, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विदेशी राम धुर्वे और अन्य जनप्रतिनिधि तथा अधिकारी उपस्थित थे। अभियान 14 अप्रैल 2026 तक चलेगा।


इस अभियान का उद्देश्य स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा और पशुधन जैसे छह प्रमुख संकेतकों को शत-प्रतिशत हासिल करना है, ताकि विकासखंड का समग्र विकास सुनिश्चित किया जा सके। कलेक्टर ने स्टॉल का अवलोकन करते हुए अधिकारियों और ग्रामीणों को स्थानीय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए निर्देश दिए।

अभियान से स्वास्थ्य, शिक्षा और पोषण में सुधार
कलेक्टर वर्मा ने कहा कि अभियान के तहत स्वास्थ्य क्षेत्र में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत किया जाएगा, पोषण में कुपोषण दूर करने पर जोर दिया जाएगा, शिक्षा में बच्चों का नामांकन और गुणवत्ता सुधार होगी और पशुधन में योजनाओं का विस्तार किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अभियान की सफलता के लिए सभी विभाग – स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, पंचायत एवं ग्रामीण विकास – समन्वय से काम करेंगे। टीकाकरण और स्वास्थ्य जांच शिविर लगाए जाएंगे, स्कूलों में सुविधाओं का विस्तार होगा और किसानों को उन्नत बीज व नई तकनीक की जानकारी दी जाएगी।
सहभागिता की शपथ और स्टॉल से जागरूकता
कलेक्टर ने उपस्थित नागरिकों, स्कूली बच्चों और जनप्रतिनिधियों से अभियान को सफल बनाने की शपथ दिलाई। साथ ही कार्यक्रम में शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, कृषि और ग्रामीण विकास से संबंधित योजनाओं के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए स्टॉल लगाए गए। ग्रामीणों ने स्टॉल पर जाकर योजनाओं की जानकारी प्राप्त की और अपने सवालों के जवाब पाए।
जनप्रतिनिधियों का संदेश
नगर पंचायत अध्यक्ष विजय पाटिल ने कहा कि बोड़ला को आकांक्षी विकासखंड घोषित करना क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विदेशी राम धुर्वे ने सभी विभागों को टीम भावना से कार्य करने और योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

The News Related To The News Engaged In The https://apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.



