भनेसर की जमीन पर बेजा कब्जा, उपसरपंच पर अवैध निर्माण और ईंट भट्ठा संचालन के आरोप
रिपोर्टर ✒️ रूपचंद रॉय
बिलासपुर । जयरामनगर क्षेत्र के ग्राम भनेसर में जमीन पर बेजा कब्जा कर अवैध निर्माण किए जाने का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। आरोप है कि उपसरपंच और उसके परिजन न केवल निजी जमीन पर कब्जा कर निर्माण करा रहे हैं, बल्कि सरकारी जमीन पर भी अवैध रूप से ईंट भट्ठा का संचालन किया जा रहा है। पीड़ितों ने जिला प्रशासन, खनिज विभाग और पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।
मामले में अतिरिक्त तहसीलदार द्वारा अवैध निर्माण तत्काल रोकने के निर्देश और नोटिस जारी किए जाने के बावजूद निर्माण कार्य जारी है। इससे प्रशासनिक कार्रवाई की प्रभावशीलता पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

अवैध कब्जे का आरोप, सीमांकन के बाद भी निर्माण
जयरामनगर निवासी का कहना है कि ग्राम भनेसर में द्वारा उसकी जमीन पर अवैध कब्जा कर बाउंड्रीवाल और निर्माण कार्य कराया जा रहा है। जबकि सीमांकन हो चुका है और 0.105 हेक्टेयर जमीन का स्वामित्व दिलीप शर्मा के नाम दर्ज है। इसके बाद भी कथित तौर पर जबरन कब्जा कर निर्माण कराया जा रहा है।
पीड़ित का आरोप है कि जब वह या अन्य ग्रामीण अवैध निर्माण का विरोध करते हैं तो उन्हें धमकियां दी जाती हैं। महिलाओं को सामने रखकर लाठी-डंडों के बल पर निर्माण कार्य कराए जाने के आरोप भी लगाए गए हैं, जिससे गांव में भय का माहौल है।
नोटिस के बाद भी नहीं रुका निर्माण
मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त तहसीलदार ने नोटिस जारी कर अवैध निर्माण तत्काल बंद करने के निर्देश दिए थे। न्यायालय की ओर से चेतावनी दी गई है कि आदेश का पालन नहीं होने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी, लेकिन इसके बावजूद निर्माण कार्य जारी रहने की शिकायत फिर से की गई है।
कलेक्टर और एसपी से भी शिकायत की तैयारी
पीड़ित दिलीप शर्मा ने कहा कि यदि अवैध निर्माण नहीं रोका गया और सुनवाई नहीं हुई तो वे कलेक्टर के समक्ष पेश होंगे और पुलिस अधीक्षक को भी लिखित शिकायत देंगे। उनका कहना है कि किसी भी कीमत पर अपनी जमीन पर बेजा कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सरकारी जमीन पर भी अवैध ईंट भट्ठा
इधर, जयरामनगर निवासी ने उपसरपंच और उसके पिता वसंत प्रजापति पर सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर ईंट भट्ठा चलाने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि इसकी लिखित शिकायत कलेक्टर, एसपी और खनिज विभाग से की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
रौब दिखाने और धमकाने के आरोप
ग्रामीणों का कहना है कि उपसरपंच अपने पद का रौब दिखाकर न केवल जमीनों पर कब्जा कर रहा है, बल्कि ग्रामीणों को डराता-धमकाता भी है। इसी कारण कई लोग शिकायत करने से भी कतराते हैं। ग्रामीणों के अनुसार, दबंगई के बल पर वर्षों से अवैध ईंट भट्ठा का संचालन किया जा रहा है, लेकिन कार्रवाई के अभाव में उसके हौसले बुलंद हैं।
अब देखना होगा कि जिला प्रशासन और खनिज विभाग इन गंभीर आरोपों पर कब और क्या सख्त कदम उठाते हैं, या फिर शिकायतकर्ता और ग्रामीण यूं ही न्याय की आस में भटकते रहेंगे।



The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.




