जनसंपर्क विभाग के अपर संचालक जे.एल. दरियो को सेवानिवृत्ति पर गरिमामय विदाई 36 वर्षों की अनवरत और उल्लेखनीय सेवा का सम्मान
रायपुर | जनसंपर्क विभाग में लगभग 36 वर्षों तक निरंतर, निष्ठावान और समर्पित सेवाएं देने के बाद अपर संचालक जे.एल. दरियो के सेवानिवृत्त होने पर आज नवा रायपुर स्थित संवाद ऑडिटोरियम में एक गरिमामय विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने भावभीनी विदाई देते हुए उनके योगदान को याद किया।
इस अवसर पर आयुक्त जनसंपर्क डॉ. रवि मित्तल ने दरियो की कार्यशैली, कर्तव्यनिष्ठा और विभाग के प्रति उनके समर्पण की सराहना की। उन्होंने शॉल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके स्वस्थ, सुदीर्घ एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
अपर संचालक उमेश मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि अविभाजित मध्यप्रदेश के इंदौर से स्थानांतरण के बाद दरियो ने जिस सहजता और जिम्मेदारी से कार्यभार संभाला, वह अनुकरणीय रहा। उनके अनुभव और मार्गदर्शन से विभाग को निरंतर लाभ मिला।
संयुक्त संचालक संजीव तिवारी ने दरियो की सरलता, सौम्य व्यवहार और दायित्वों के प्रति पूर्ण समर्पण को उनकी सबसे बड़ी विशेषता बताया।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए अपर संचालक आलोक देव ने दरियो के सेवा-जीवन पर विस्तार से प्रकाश डाला और जनसंपर्क विभाग में उनके 36 वर्षों के योगदान को याद किया।
अपने उद्बोधन में दरियो ने विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से मिले मार्गदर्शन और सहकर्मियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग और विश्वास से ही वे अपने दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर पाए।
विदाई समारोह का वातावरण आत्मीय और भावुक रहा। अधिकारियों-कर्मचारियों ने उनके साथ बिताए कार्यकाल को स्मरण करते हुए उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी। यह समारोह न केवल एक अधिकारी के सेवानिवृत्त होने का अवसर था, बल्कि सेवा, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा के एक प्रेरक अध्याय का सम्मान भी रहा।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.




