‘संकल्प’ बजट से शिक्षा, कृषि, पर्यटन और खेल को नई दिशा : धरमलाल कौशिक
मुंगेली। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने शुक्रवार को मुंगेली में प्रेस वार्ता कर राज्य सरकार के वर्ष 2026-27 के बजट को विकासोन्मुखी और दूरदर्शी बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सरकार ने इस बार “संकल्प” थीम के साथ बजट प्रस्तुत किया है, जिसमें शिक्षा, कृषि, पर्यटन, खेल, स्वास्थ्य तथा बस्तर-सरगुजा क्षेत्र के विकास पर विशेष फोकस किया गया है।
उन्होंने कहा कि यह बजट विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ की परिकल्पना को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। सरकार ने प्रदेश के समग्र विकास के लिए मुख्यमंत्री अधोसंरचना मिशन, मुख्यमंत्री एआई मिशन, मुख्यमंत्री पर्यटन विकास मिशन, मुख्यमंत्री स्टार्टअप मिशन और मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन जैसे पांच नए मिशन शुरू किए हैं।
कौशिक ने बताया कि बजट में स्कूल शिक्षा के लिए सर्वाधिक 13.5 प्रतिशत राशि का प्रावधान किया गया है। साथ ही बस्तर के अबुझमाड़ और जगरगुंडा में दो एजुकेशन सिटी स्थापित करने की घोषणा की गई है। सरकारी अधिकारी-कर्मचारियों के लिए कैशलेस इलाज की व्यवस्था भी बजट में शामिल की गई है।
उन्होंने कहा कि औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए 23 नए औद्योगिक पार्क स्थापित करने हेतु 250 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। वहीं मुख्यमंत्री आदर्श शहर समृद्धि योजना के लिए 200 करोड़ और भूमि विकास बैंक योजना के लिए 200 करोड़ रुपए रखे गए हैं।
कृषि क्षेत्र को मजबूती देने के लिए 13 हजार 500 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। धान खरीदी में 3100 रुपए प्रति क्विंटल के अंतर की राशि का भुगतान एकमुश्त करने की व्यवस्था भी जारी रहेगी।
उन्होंने बताया कि बस्तर और सरगुजा क्षेत्र के विकास के लिए खाद्य, कृषि और उससे जुड़े उद्योगों को बढ़ावा देने हेतु 100 करोड़ रुपए दिए गए हैं। साथ ही बकरी पालन, सूअर पालन और मधुमक्खी पालन जैसे आजीविका के साधनों को बढ़ावा दिया जाएगा।
इंद्रावती नदी पर देवरगांव और भटनार बैराज निर्माण के लिए 2000 करोड़ रुपए से अधिक का प्रावधान किया गया है, जिससे बस्तर क्षेत्र में सिंचाई योजनाओं का विस्तार होगा। माओवादी प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा मजबूत करने के लिए बस्तर फाइटर में 1500 नई भर्तियां भी की जाएंगी।
कौशिक ने कहा कि प्रदेश में पांच नए मेडिकल कॉलेजों का संचालन, हवाई सेवाओं का विस्तार, मुख्यमंत्री बस सेवा, बस्तर-सरगुजा ओलंपिक तथा भर्ती प्रक्रिया तेज करने के लिए व्यापम की दक्षता बढ़ाने जैसे प्रावधान भी बजट में शामिल हैं। युवाओं के लिए छत्तीसगढ़ युवा दर्शन योजना शुरू की जाएगी, वहीं लखपति दीदियों के भ्रमण के लिए भी बजट में प्रावधान किया गया है।
उन्होंने कहा कि यह बजट वर्ष 2047 तक छत्तीसगढ़ को विकसित राज्य बनाने की दिशा में मजबूत आधार तैयार करेगा।
प्रेस वार्ता में मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पांडे, भाजपा जिलाध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी, जनपद पंचायत अध्यक्ष रामकमल सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष शैलेष पाठक, जिला महामंत्री कैलाश ठाकुर, गिरीश शुक्ला, सुनील पाठक, लोकनाथ सिंह, अशोक निर्मलकर, मनु श्रीवास्तव, विजय यादव, रिंकू सिंह, शैलेंद्र यादव, राजेश्वर सिंह टंडन सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.




