ब्रेकिंग न्यूज़ : शादी में खाना खाने के बाद 35 लोग बीमार: उल्टी-दस्त से हालत बिगड़ी, मस्तूरी और पामगढ़ अस्पताल में भर्ती

0
IMG_20260308_220340_964

मस्तूरी। बिलासपुर जिले के मस्तूरी विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत मुकुंदपुर में शादी समारोह का खाना खाने के बाद करीब 35 बच्चे, महिला और बुजुर्ग फूड प्वाइजनिंग के शिकार हो गए। सभी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मस्तूरी और पामगढ़ अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल सभी मरीजों की हालत सामान्य बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार मुकुंदपुर गांव में मंगलु पैकरा की बेटी की शादी का कार्यक्रम चल रहा है। सामाजिक परंपरा के अनुसार 7 फरवरी को तेलवाही कार्यक्रम बड़े उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम के बाद परिवार के सदस्य और मेहमानों ने घर में बना भोजन किया, जिसमें बंधा गोभी की सब्जी, टमाटर की चटनी और दाल शामिल थी। भोजन के बाद सभी लोग सो गए।

रात तक सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन सुबह होते ही कई लोगों को अचानक उल्टी और दस्त की शिकायत शुरू हो गई। देखते ही देखते कई लोग बीमार पड़ने लगे, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई। घबराए परिजनों ने इसकी सूचना तत्काल बीएमओ डॉ. अनिल कुमार को दी।

सूचना मिलते ही बीएमओ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य विभाग की पांच सदस्यीय टीम गांव भेजी और एंबुलेंस की मदद से मरीजों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मस्तूरी लाया गया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया।

घटना की जानकारी मिलने पर सीएमएचओ डॉ. शुभ्रा गढ़ेवाल भी रात करीब 8 बजे मस्तूरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचीं और भर्ती मरीजों का हाल-चाल जाना। उन्होंने डॉक्टरों को मरीजों की बेहतर देखभाल और समुचित उपचार के निर्देश दिए। साथ ही मरीजों को हल्का भोजन जैसे खिचड़ी देने की सलाह दी गई।

बताया जा रहा है कि 26 मरीजों का इलाज मस्तूरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है, जबकि 9 मरीज पामगढ़ अस्पताल में भर्ती हैं। वहीं कचिया बाई (50 वर्ष) को परिजनों ने निजी अस्पताल किम्स में भर्ती कराया है।

बीएमओ डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि एहतियात के तौर पर पांच डॉक्टर और स्वास्थ्य कर्मियों की टीम को शादी घर में तैनात किया गया है। वहीं मस्तूरी अस्पताल में भी डॉक्टर भूपेंद्र देवांगन सहित पूरा स्टाफ मरीजों के इलाज और निगरानी में जुटा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!