अमरकंटक नगर परिषद द्वारा चलाया जा रहा स्वच्छता अभियान ,
मां नर्मदा की निर्मलता बनाए रखने की पहल
संवाददाता – श्रवण कुमार उपाध्याय
अमरकंटक – मां नर्मदा जी की उद्गम स्थली /पवित्र नगरी अमरकंटक एक प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थल है । पवित्र नगरी अमरकंटक में मां नर्मदा की स्वच्छता एवं पवित्रता बनाए रखने के उद्देश्य से मां नर्मदा नदी के रामघाट तट पर व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है । उच्चाधिकारियों के मार्गदर्शन और नगर परिषद अमरकंटक के मुख्य नगर पालिका अधिकारी चैन सिंह परस्ते के अधीनस्थ कर्मचारियों , जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों के साथ मिलकर लगातार दूसरे दिन भी साफ सफाई का कार्य किया गया ।
अभियान के तहत नर्मदा जलधारा के भीतर जमी गंदगी एवं कचडे को बाहर निकाला गया तथा घाटों की साफ-सफाई की गई । इस पहल का मुख्य उद्देश्य मां नर्मदा की जलधारा को स्वच्छ , निर्मल एवं प्रदूषणमुक्त बनाए रखना है जिससे यहां आने वाले श्रद्धालुओं , पर्यटकों एवं परिक्रमा वासियों को स्वच्छ वातावरण मिल सके ।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी चैन सिंह परस्ते ने सभी श्रद्धालुओं एवं नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि नर्मदा नदी में कचरा न डालें तथा साबुन , तेल आदि का उपयोग भी न करें । उन्होंने घाटों को स्वच्छ बनाए रखने , वहां भोजन आदि न बनाने तथा राख एवं कूड़ा-करकट न फैलाने की भी अपील की है ।
इस अभियान में मुख्यरूप से नगर परिषद के कर्मचारी उमाशंकर परमार , गणेश यादव , राजकुमार सिंह , मेघा सिंह , राम मोगरे , मनीष , बैजनाथ चंद्रवंशी सहित जनप्रतिनिधि विक्की द्विवेदी , समीर मानिकपुरी , गिरधारी जायसवाल एवं परशुराम गुप्ता सक्रिय रूप से शामिल रहे ।
गौरतलब है कि यह सेवा-भावी स्वच्छता अभियान प्रतिदिन प्रातःकाल दो से तीन घंटे तक संचालित किया जा रहा है जिससे नर्मदा तट की स्वच्छता और पवित्रता को बनाए रखा जा सके ।


The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.




