कांग्रेस नेताओं के करीबी लोगों के तार बाहरी ताकतों से जुड़े रहे हैं – संतोष पाण्डेय
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता और वरिष्ठ नेता संतोष पाण्डेय ने छत्तीसगढ़ के बस्तर और अन्य आदिवासी क्षेत्रों में हो रही विदेशी फंडिंग तथा धर्मांतरण के गंभीर मुद्दों पर बड़ा खुलासा कर कांग्रेस को कटघरे में खड़ा किया है। श्री पाण्डेय ने बताया कि विदेशी बैंकों के दर्जनों डेबिट कार्ड्स के जरिए छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में करोड़ों रुपये खपाए जा रहे हैं। श्री पाण्डेय शनिवार को यहाँ कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में मीडिया से मुखातिब थे।
भाजपा मुख्य प्रदेश प्रवक्ता श्री पाण्डेय ने बताया कि अकेले एक साल में नक्सल प्रभावित क्षेत्रों से 95 करोड़ रुपए का लेन-देन हुआ। बस्तर और धमतरी जैसे क्षेत्रों में साढ़े छह करोड़ रुपए के संदिग्ध खर्च सामने आए हैं। टीटीआई जैसी संस्थाएँ ईसाई मिशनरियों के लिए काम कर रही हैं, जिन्हें विदेशों से भारी आर्थिक मदद मिल रही है। श्री पाण्डेय ने कांग्रेस और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री रहते हुए बघेल ने जानबूझकर केंद्रीय जाँच एजेंसियों पर प्रतिबंध लगाए और जाँच से बचते रहे ताकि यह नेटवर्क फलता-फूलता रहे। श्री पाण्डेय ने कहा कि कांग्रेस नेताओं के करीबी लोगों के तार इन बाहरी ताकतों से जुड़े रहे हैं। श्री पाण्डेय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार द्वारा एफसीआरए (फॉरेन कॉन्ट्रीब्यूशन रेगुलेशन एक्ट) में किए गए संशोधनों का उल्लेख करते हुए कहा कि अब विदेशी पैसा सीधे दिल्ली के एक विशेष एसबीआई बैंक खाते में आता है, जिससे उसकी निगरानी संभव हो पाई है। सरकार ने उन सभी आर्थिक स्रोतों को बंद किया है जिसका इस्तेमाल देशविरोधी ताकतें और धर्मांतरण कराने वाले संगठन करते थे।
भाजपा मुख्य प्रदेश प्रवक्ता श्री पाण्डेय ने भाजपा के संगठनात्मक प्रशिक्षण, आगामी चुनावों के मद्देनजर रणनीति और संगठन की मजबूती पर चर्चा करते हुए कहा कि भाजपा केवल चुनाव के समय सक्रिय नहीं रहती, बल्कि “शांति काल में भी युद्ध की तैयारी” करती है। 1951 (जनसंघ) और 1980 (भाजपा) से ही कार्यकर्ताओं का कौशल विकास और प्रशिक्षण हमारी कार्यपद्धति का हिस्सा रहा है। वर्तमान में प्रदेश के जिलों और मंडलों में कार्यकर्ताओं को मोदी सरकार की जन-कल्याणकारी योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। राजनीति को सेवा का माध्यम बताते हुए श्री पाण्डेय ने कहा कि भाजपा ‘एक पेड़ माँ के नाम’, स्वच्छता अभियान और श्रमदान जैसे प्रकल्पों के जरिए सामाजिक सरोकारों से जुड़ी रहती है। कांग्रेस द्वारा अधिकारियों और मंत्रियों के बीच तालमेल की कमी के आरोपों पर तंज कसते हुए श्री पाण्डेय ने कहा कि कांग्रेस को दूसरों की चिंता करने के बजाय अपने गिरेबाँ में झाँकना चाहिए।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
