रायपुर पुलिस की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति: भाठागांव बस स्टैंड पर राजस्थान के 2 अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार, 4 लाख का गांजा जप्त

0
IMG-20260522-WA0769

राजस्थान के टोंक से रायपुर पहुंचे थे सौदागर; टिकरापारा पुलिस ने घेराबंदी कर रंगेहाथ दबोचा, 8 किलो से अधिक मादक पदार्थ बरामद

रायपुर। राजधानी में सूखे नशे के सौदागरों के खिलाफ रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने कमर कस ली है। ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत नशीले पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान में टिकरापारा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने भाठागांव स्थित नए बस स्टैंड के पास दबिश देकर राजस्थान के दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से करीब 8.122 किलोग्राम प्रतिबंधित मादक पदार्थ गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 4 लाख रुपये आंकी गई है।

शौचालय के पास ग्राहक तलाश रहे थे आरोपी

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप कुमार पटेल के निर्देशानुसार अवैध मादक पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए विशेष टीम लगातार गश्त कर रही थी। इसी बीच 21 मई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि भाठागांव बस स्टैंड स्थित सुलभ शौचालय के पास दो संदिग्ध व्यक्ति अवैध रूप से गांजा बेचने की फिराक में हैं और ग्राहक तलाश रहे हैं।
सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) राहुल देव शर्मा और सहायक पुलिस आयुक्त नवनीत पाटिल के मार्गदर्शन में इंचार्ज थाना प्रभारी बालेश्वर लहरे के नेतृत्व में एक संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मुखबिर के बताए हुलिए के आधार पर दो युवकों को हिरासत में लिया।

तलाशी में निकला 8 किलो गांजा, राजस्थान के टोंक निवासी हैं तस्कर

जब पुलिस ने दोनों युवकों की सघन तलाशी ली, तो उनके पास रखे थैलों से अलग-अलग मात्रा में कुल 8.122 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान दिलशेर खान (39 वर्ष) और कसीम अली (27 वर्ष) के रूप में बताई। दोनों आरोपी राजस्थान के जिला टोंक, थाना पुरानी टोंक के बटवालन मोहल्ला (पहाड़िया) के रहने वाले हैं। आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे राजस्थान से गांजे की खेप लेकर खपाने के उद्देश्य से रायपुर पहुंचे थे।

एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई: टिकरापारा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 442/2026, धारा 20बी एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। जप्त मादक पदार्थ की कीमत 4 लाख रुपये बताई गई है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस टीम की मुस्तैदी

इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में टिकरापारा थाना प्रभारी बालेश्वर लहरे, सहायक उप निरीक्षक उमाशंकर वर्मा और उनकी टीम की विशेष भूमिका रही। रायपुर पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि शहर में किसी भी प्रकार के नशे का कारोबार करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इन आरोपियों के तार रायपुर के और किन स्थानीय नशा तस्करों से जुड़े हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!