मिलकर करें काम, शहर को बनाएं स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित — आर. संगीता
नगरीय प्रशासन विभाग की सचिव ने बिलासपुर में की योजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
बिलासपुर। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की नवनियुक्त सचिव आर. संगीता ने अपने प्रथम बिलासपुर दौरे के दौरान नगर निगम की योजनाओं, विकास कार्यों और स्वच्छता व्यवस्था की गहन समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा। सचिव ने राजस्व वसूली, निर्माण कार्यों की समयसीमा, स्वच्छता व्यवस्था और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया।
कमांड एंड कंट्रोल सेंटर में तीन घंटे चली समीक्षा बैठक
तारबाहर स्थित कमांड एंड कंट्रोल सेंटर में आयोजित समीक्षा बैठक में सचिव आर. संगीता ने सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक निगम के विभिन्न विभागों और योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की। बैठक में उन्होंने कहा कि किसी भी नगरीय निकाय की मजबूती का आधार उसका राजस्व होता है, इसलिए राजस्व वसूली को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने पिछले वित्तीय वर्ष की लगभग 15 करोड़ रुपए की बकाया राशि की वसूली के लिए दिसंबर 2026 तक की समयसीमा निर्धारित की।
सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नियमित एवं प्लेसमेंट कर्मचारियों का वेतन हर हाल में माह के प्रथम सप्ताह में भुगतान किया जाए। उन्होंने टेंडर प्रक्रिया में हो रही अनावश्यक देरी पर नाराजगी जताते हुए कहा कि टेंडर की समयसीमा समाप्त होते ही संबंधित ठेकेदार से अनुबंध कर तत्काल कार्य प्रारंभ कराया जाए ताकि विकास परियोजनाओं में देरी न हो।
अधूरे निर्माण कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश
समीक्षा के दौरान सचिव ने निर्माणाधीन एवं अधूरे विकास कार्यों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं का वास्तविक लाभ आम नागरिकों तक समय पर पहुंचना चाहिए।
पीएम ई-बस सेवा के तहत मिलने वाली बसों के लिए कोनी में निर्माणाधीन चार्जिंग स्टेशन और डिपो का निरीक्षण करते हुए सचिव ने इसे एक महीने के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। वहीं मधुबन स्थित एजुकेशन हब के प्रथम चरण में बन रहे नालंदा परिसर एवं एकेडमिक ब्लॉक के कार्यों को भी शीघ्र पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना अनेक युवाओं के भविष्य को नई दिशा देगी।
पीएम आवास और वार्ड व्यवस्था पर भी जोर
सचिव आर. संगीता ने पीएम आवास योजना के बीएलसी घटक के अंतर्गत लंबित और अप्रारंभ आवास निर्माण की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से कहा कि हितग्राहियों से व्यक्तिगत संपर्क कर उन्हें निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने के लिए प्रेरित करें।
उन्होंने वार्ड नोडल अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि प्रत्येक वार्ड को आदर्श वार्ड बनाने की दिशा में कार्य किया जाए, जहां सड़क, पानी, बिजली और सफाई की बेहतर व्यवस्था हो। उत्कृष्ट कार्य करने वाले वार्ड और नोडल अधिकारियों को सम्मानित करने की बात भी कही गई।
स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष फोकस
सचिव ने स्वच्छता व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि कोई भी नाला-नाली जाम नहीं होना चाहिए। सभी घरों से नियमित कचरा संग्रहण सुनिश्चित किया जाए और सार्वजनिक स्थानों एवं शौचालयों की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने पीएम स्वनिधि, पीएम आवास, पेंशन सहित सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक निर्बाध रूप से पहुंचाने के निर्देश भी दिए।
बैठक में कलेक्टर संजय अग्रवाल, नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे, सूडा सीईओ शशांक पाण्डेय, अपर संचालक पुलक भट्टाचार्य, अपर आयुक्त खजांची कुम्हार सहित नगर निगम एवं जिले के सभी नगरीय निकायों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कछार प्लांट, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट और पीएम आवास का किया निरीक्षण
समीक्षा बैठक के बाद सचिव आर. संगीता ने दोपहर से शाम तक शहर के विभिन्न विकास कार्यों एवं परियोजनाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स पहुंचकर खेल गतिविधियों का जायजा लिया तथा कोनी स्थित निर्माणाधीन सिटी बस चार्जिंग स्टेशन का निरीक्षण कर कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इसके बाद सचिव ने कछार स्थित सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट का निरीक्षण कर कचरा निपटान प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कोई भी घर कचरा संग्रहण से वंचित नहीं रहना चाहिए। अमृत मिशन के तहत बिरकोना स्थित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का भी निरीक्षण किया गया।
खमतराई स्थित पीएम आवास योजना के आवासों का निरीक्षण करते हुए उन्होंने निगम और रहवासियों को मिलकर साफ-सफाई बनाए रखने की अपील की।
स्वच्छता दीदियों से संवाद, कहा — नारी शक्ति ला सकती है स्वच्छता क्रांति
दौरे के अंतिम चरण में सचिव मोपका गौठान स्थित एसआरएलएम सेंटर पहुंचीं, जहां उन्होंने स्वच्छता दीदियों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान की सफलता में महिलाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने गीला और सूखा कचरा अलग-अलग एकत्र करने, घर-घर से कचरा संग्रहण सुनिश्चित करने तथा लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने की अपील की।
सचिव ने कहा कि मातृ शक्ति में अद्भुत क्षमता होती है और यदि महिलाएं संकल्प लें तो शहर में स्वच्छता की नई क्रांति लाई जा सकती है। इस दौरान स्वच्छता दीदियों ने अपने कार्यों में आने वाली समस्याओं से भी सचिव को अवगत कराया। समूह की महिलाओं ने अपने हाथों से तैयार उत्पाद भी सचिव को भेंट किए।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
