संत शिरोमणि गुरु रविदास की जयंती पर भाजपा “समरसता संकल्प अभियान” चलाएगी : टंकराम वर्मा
29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा की संध्या देशभर के सभी मंदिरों में “समरसता दीप महोत्सव” का भव्य आयोजन होगा
रायपुर। छत्तीसगढ़ के राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा है कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी द्वारा दिखाया गया मार्ग ही हमारे ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ के संकल्प का मूल आधार है। उनके 650वें जयंती वर्ष पर चलने वाला समरसता संकल्प अभियान सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय एकता और विकसित भारत के निर्माण का व्यापक जनआंदोलन बनेगा।
प्रदेश के कैबिनेट मंत्री श्री वर्मा ने मंगलवार को यहाँ एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में आहूत पत्रकार वार्ता में बताया कि यह अभियान 29 जुलाई 2026 (आषाढ़ पूर्णिमा) से प्रारंभ होकर 20 फरवरी 2027 (माघ पूर्णिमा) तक पूरे देश में राष्ट्रीय, प्रदेश, जिला, मंडल एवं ग्राम स्तर पर व्यापक जनभागीदारी के साथ संचालित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य संत गुरु रविदास महाराज के समता, सामाजिक न्याय, मानवता, सेवा, सद्भािव और सामाजिक समरसता के दिव्य संदेश को जन-जन तक पहुँचाना तथा विकसित भारत के निर्माण में समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता सुनिश्चित करना है। श्री वर्मा ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास केवल किसी एक समाज के संत नहीं, बल्कि सम्पूर्ण मानवता के महान पथप्रदर्शक, भक्ति आंदोलन के महान संत, श्रेष्ठ समाज सुधारक और महान आध्यात्मिक चिंतक हैं, जिन्हें उनके समय के अनेक संतों तथा बाद की पीढ़ियों के संतों ने भी अत्यंत सम्मान दिया। उन्होंने समाज के करोड़ों वंचित एवं उपेक्षित लोगों को सम्मान, आत्मविश्वास और जीवन का उद्दे श्य प्रदान किया। ऐसे समय में, जब समाज जातिगत भेदभाव और सामाजिक विषमताओं, धर्मांतरण, मुगलिया अत्याचार से जूझ रहा था, उन्होंने सामाजिक समरसता, समानता और आत्मसम्मान का संदेश देकर करोड़ों लोगों के जीवन में नई चेतना का संचार किया।

प्रदेश के कैबिनेट मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि गुरु रविदास महाराज द्वारा प्रस्तुत “बेगम-पूरा” का दर्शन आज भी एक ऐसे समाज की प्रेरणा देता है, जहाँ किसी प्रकार का दु:ख, पीड़ा, भेदभाव, अन्याय अथवा शोषण न हो और प्रत्येक व्यक्ति सम्मानपूर्वक जीवन जी सके। वे ऐसे दूरदर्शी संत थे, जिन्होंने अपने समय से कई शताब्दियों आगे के समाज की कल्पना की। वर्तमान समय में भी उनके उपदेशों की व्यापक स्वीकार्यता उनकी दूरदर्शिता और समाज के प्रति उनके व्यापक दृष्टिकोण का प्रमाण है। अभियान की विस्तार से चर्चा करते हुए श्री वर्मा ने बताया कि अभियान का शुभारंभ 29 जुलाई 2026 को गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर होगा। इस दिन संध्या के समय देशभर के सभी मंदिरों में गुरु रविदास महाराज समरसता दीप महोत्सव के अंतर्गत 51 हजार स्थानों पर अधिक-से-अधिक संख्या में दीप प्रज्जवलित किए जाएंगे। इसी क्रम में 11 हज़ार दीप संत रविदास घाट वाराणसी में प्रज्जवलित किए जाएंगे । दीप महोत्सव से पूर्व भजन, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा धार्मिक प्रवचनों का आयोजन होगा और उसके उपरांत प्रसाद वितरण अथवा भण्डारे की समुचित व्यवस्था की जाएगी। दीप महोत्सव में मंदिर के आसपास के सभी समाज के वर्गों के लोगाँ तथा पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की अधिक-से-अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
प्रदेश के कैबिनेट मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि 29 जुलाई से 10 सितंबर 2026 तक श्री गुरु रविदास महाराज कलश वंदन अभियान चलाया जाएगा। 29 जुलाई को वाराणसी स्थित संत गुरु रविदास महाराज की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर में आयोजित भव्य कार्यक्रम में सभी प्रदेशों की टोलियों को पवित्र मिट्टी से भरे सुसज्जित 131 पवित्र कलश प्रदान किये जाएंगे। इस कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उपस्थित रहेंगे। प्रदेश टोलियाँ मार्ग में स्वागत कार्यक्रमों के साथ इन कलशों को अपनी-अपनी राजधानी तक ले जाएंगी। जन्मस्थली की पावन मिट्टी को 21 हजार कलशों में स्थापित कर देशभर के राज्यों, जिलों और मंदिरों तक पहुँचाया जाएगा जहाँ उनकी स्थापना की जाएगी। इसके बाद प्रदेश स्तर पर धार्मिक एवं सामाजिक नेताओं तथा पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों की उपस्थिति में पवित्र कलश जिला टोलियों को सौंपे जाएँगे और जिलास्तर पर श्री गुरु रविदास महाराज मंदिर, मण्डल इकाई अथवा ऐसे सामाजिक संगठनों को सौंपे जाएँगे, जो अपने क्षेत्र में इस कार्यक्रम का आयोजन करना चाहते हों। इन सभी कार्यक्रमों में भजन, धार्मिक प्रवचन, सांस्कृतिक प्रस्तुत्तियों तथा पार्टी के नेताओं के सम्बोधन भी होंगे। वह पवित्र मिट्टी मंदिर अथवा ग्राम स्तर अथवा निर्माणाधीन मंदिरों के गर्भगृह के निर्माण कार्य में उसका उपयोग किया जाएगा।
प्रदेश के कैबिनेट मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि पूरे अभियान के दौरान पवित्र कलश एवं पवित्र मिट्टी की पवित्रता, गरिमा और सम्मान का हर स्तर पर विशेष ध्यान रखा जाएगा। 29 जुलाई से 31 अगस्त 2026 तक “संत संपर्क अभियान” के अंतर्गत पूरे देश में पार्टी के पदाधिकारी श्री गुरु रविदास परम्परा से जुड़े पूज्य साधु-संतों तथा समाज के अन्य पूजनीय संतों से पूर्ण सम्मान और परम्परागत मर्यादा के साथ भेंट कर उनका अभिनन्दन करेंगे तथा संबंधित परम्परा के श्रद्धालुओं के साथ मिलकर सम्मानपूर्वक कार्यक्रम आयोजित किए जाएँगे। विभिन्न धार्मिक परंपराओं के संतों को साथ जोड़कर सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया जाएगा। श्री वर्मा ने बताया कि अभियान का एक अत्यंत महत्वपूर्ण चरण “श्री गुरु रविदास महाराज समरसता यात्रा” होगा, जो 5 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक आयोजित की जाएगी। संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की प्रतिमा से सुसज्जित रथ के साथ यह यात्रा डेरा सचखंड बल्लां (जालंधर) से प्रारंभ होकर जन्मस्थली सीर गौवर्धनपुर (वाराणसी) तक पहुँचेगी। यह यात्रा जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली सहित विभिन्न प्रदेशों से होकर गुजरेगी तथा जिन प्रदेशों से मुख्य यात्रा का मार्ग निर्धारित होगा, वहाँ से उपयात्राएँ निकालकर मुख्य यात्रा में सम्मिलित की जाएँगी। यात्रा के दौरान संत सम्मेलन, समरसता गोष्ठियाँ, भजन-कीर्तन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से लाखों श्रद्धालुओं को सामाजिक समरसता के इस राष्ट्रीय अभियान से जोड़ा जाएगा।
प्रदेश के कैबिनेट मंत्री श्री वर्मा ने बताया कि 26 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक “श्री गुरु रविदास महाराज छात्रावास संपर्क अभियान” चलाया जाएगा, जिसके अंतर्गत देशभर के सभी छात्रावासों में संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज के सुसज्जित चित्र के समक्ष “समरसता संवाद” कार्यक्रम आयोजित किए जाएँगे। इन कार्यक्रमों में उद्बोधन दिया जाएगा और प्रतिभागियों के साथ संवाद भी आयोजित किया जाएगा। श्री वर्मा ने बताया कि अभियान के अंतर्गत जूनागढ़ (गुजरात), सागर (मध्य प्रदेश), चित्तौड़गढ़ (राजस्थान) और श्री खुरालगढ़ साहिब (पंजाब), दिल्ली स्थित गुरु रविदास मंदिर तथा संत गुरु रविदास जी से जुड़े प्रमुख स्थलों के विकास का भी संकल्प लिया गया है।
अभियान के प्रभावी संचालन के लिए प्रदेश टोली, जिला टोली, मंडल टोली, तथा आयोजन टोलियों का गठन किया गया : डॉ. नवीन मार्कण्डेय
भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कण्डेय ने बताया कि अभियान के प्रभावी संचालन के लिए प्रदेश टोली (1+4), जिला टोली (1+4), मंडल टोली (1+3) तथा आयोजन टोलियों का गठन किया गया है। व्यापक जनसम्पर्क के लिए संचार, मीडिया तथा सोशल मीडिया टोलियाँ भी बनाई जाएंगी। प्रदेशस्तरीय कार्यशालाएँ 20 से 23 जुलाई तथा जिला स्तरीय कार्यशालाएँ 25 से 27 जुलाई 2026 तक आयोजित की गई हैं, जिनमें जनप्रतिनिधियों तथा पार्टी के सभी संगठनात्मक स्तरों की सहभागिता सुनिश्चित की गई है। पार्टी के नेता समाचार-पत्रों एवं पत्रिकाओं में लेख, ब्लॉग तथा पॉडकास्ट के माध्यम से अभियान के विषय पर व्यापक जनजागरण करेंगे। पार्टी के कार्यकर्ता केंद्र सरकार, प्रदेश सरकार, स्थानीय निकायों तथा अन्य सामाजिक संगठनों द्वारा आगामी दिनों में आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों में भी पूर्ण समर्पण और सक्रिय भागीदारी के साथ सहयोग प्रदान करेंगे।
यह अभियान सामाजिक समरसता, सामाजिक न्याय, राष्ट्रीय एकता और विकसित भारत के निर्माण का व्यापक जनआंदोलन : शंकर अग्रवाल
भाजपा ‘समरसता संकल्प अभियान’ की प्रदेश संचालन समिति के सह संयोजक शंकर अग्रवाल ने कहा कि यह अभियान केवल कार्यक्रमों की श्रृंखला नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, सामाजिक न्याय, राष्ट्रीय एकता और विकसित भारत के निर्माण का एक व्यापक जनआंदोलन है। श्री अग्रवाल ने सभी संत-महात्माओं, सामाजिक संगठनों, मंदिर समितियों, जनप्रतिनिधियों, युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों तथा समाज के सभी वर्गों से इस अभियान में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया और विश्वास व्यक्त किया कि संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज के 650वें जयंती वर्ष के अवसर पर आयोजित यह राष्ट्रव्यापी अभियान समाज में समरसता, सद्भाव, सामाजिक न्याय और राष्ट्रीय एकता की भावना को और अधिक सुदृढ़ करेगा तथा संत गुरु रविदास महाराज के अमर संदेश को जन-जन तक पहुँचाने में ऐतिहासिक भूमिका निभाएगा। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष रायपुर शहर रमेश सिंह ठाकुर एवं जिला मीडिया प्रभारी रोहित द्विवेदी मौजूद रहे।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

