‘अभियान संवेदना’ के तहत त्वरित कार्रवाई: नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार
oplus_10485792
रायगढ़। महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई के लिए रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘अभियान संवेदना’ के तहत लैलूंगा पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के एक गंभीर मामले में रिपोर्ट दर्ज होने के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई को महिला एवं बाल सुरक्षा के प्रति पुलिस की प्रतिबद्धता का उदाहरण माना जा रहा है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 28 जुलाई 2026 को एक महिला थाना लैलूंगा पहुंची और रिपोर्ट दर्ज कराई कि 27 जुलाई की शाम वह अपनी नातिन को घर पर छोड़कर खेत में रोपाई करने गई थी। घर लौटने पर बच्ची रोती हुई मिली। परिजनों द्वारा पूछताछ करने पर बच्ची ने पड़ोस में रहने वाले सूरज विश्वकर्मा (25 वर्ष) पर उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगाया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम ने बिना विलंब आरोपी की तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान सूचना मिली कि आरोपी फरार होने की तैयारी में है। सूचना के आधार पर पुलिस ने पड़ोसी गांव लिबरा के पास घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में ले लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उसे दुष्कर्म एवं पॉक्सो एक्ट के प्रावधानों के तहत विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में एडिशनल एसपी अनिल सोनी एवं डीएसपी सुशांतो बनर्जी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव, उप निरीक्षक चंद्र कुमार सिंगार, एएसआई परमेश्वर सिंह पैंकरा, प्रधान आरक्षक जयशरण चंद्रा तथा आरक्षक विनोद कुजूर, शशि उरांव और राजू तिग्गा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में रायगढ़ पुलिस की नीति स्पष्ट है। प्रत्येक शिकायत पर तत्काल, संवेदनशील और कानूनसम्मत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि ऐसे जघन्य अपराधों में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा तथा पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाने और अपराधियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करना रायगढ़ पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

