पथरिया चार माह के चावल से वंचित होंगे गरीब हितग्राही! निरस्त राशन कार्डों पर भड़के कांग्रेस पार्षद, 15 दिन में समाधान नहीं तो एसडीएम कार्यालय का होगा घेराव

0
IMG_20260804_071237_794

पथरिया  । नगर पंचायत पथरिया में निरस्त राशन कार्डों का मामला एक बार फिर गरमा गया है। बिना समुचित सूचना और भौतिक सत्यापन के सैकड़ों राशन कार्ड निरस्त किए जाने से गरीब और जरूरतमंद परिवार कई महीनों से राशन से वंचित हैं। अब अगस्त माह में तीन माह का राशन एक साथ वितरित किए जाने की तैयारी ने हितग्राहियों की चिंता और भी बढ़ा दी है। कांग्रेस पार्षदों का आरोप है कि यदि निरस्त राशन कार्ड समय रहते पुनः चालू नहीं किए गए तो प्रभावित परिवार कुल चार माह के चावल से वंचित हो जाएंगे।
सोमवार को वार्ड क्रमांक 11 के पार्षद दीपक साहू और प्रतिपक्ष प्रतिनिधि ओंकार यादव के नेतृत्व में नगरवासिओं ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को ज्ञापन सौंपकर निरस्त राशन कार्डों का तत्काल भौतिक सत्यापन कर उन्हें पुनः प्रारंभ करने तथा लंबित राशन का लाभ दिलाने की मांग की।


ज्ञापन में बताया गया है कि नगर पंचायत पथरिया में कुल 2091 राशन कार्ड संचालित हैं। शासन स्तर से 433 राशन कार्ड की संदिग्ध सूची प्राप्त हुई। जिसमे से अनेको कार्ड निरस्त कर दिए गए और सैकड़ो राशनकार्ड के सदस्यों का नाम काट दिआ गया । इससे पहले भी यह मामला सुर्खियों में रहा था, जब हितग्राहियों ने बिना सूचना कार्ड निरस्त किए जाने और परिवार के सदस्यों के नाम काटे जाने की शिकायत की थी। प्रभावित परिवार लगातार राशन दुकानों और सरकारी कार्यालयों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें राहत नहीं मिल सकी है।


कांग्रेस पार्षदों का कहना है कि शासन अगस्त माह में अगस्त, सितंबर और अक्टूबर का तीन माह का राशन एक साथ वितरित करने जा रहा है। लेकिन जिन परिवारों के राशन कार्ड मई से निरस्त हैं, उन्हें पहले से छूटा हुआ राशन भी नहीं मिलेगा। ऐसे में वे लगातार चार माह के खाद्यान्न से वंचित रह जाएंगे, जिसका सीधा असर गरीब और मजदूर परिवारों के जीवन-यापन पर पड़ेगा।

NTPC World Environment Day


पार्षद दीपक साहू ने आरोप लगाया कि बिना उचित जांच और नोटिस के गरीब परिवारों का राशन बंद कर दिया गया। कई पात्र हितग्राहियों को आज भी राशन नहीं मिल रहा है। उन्होंने मांग की कि सभी निरस्त कार्डों का शीघ्र भौतिक सत्यापन कर उन्हें पुनः चालू किया जाए, लंबित राशन का वितरण सुनिश्चित किया जाए तथा लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाए।


नगर पंचायत के नेता प्रतिपक्ष प्रतिनिधि ओंकार यादव ने बताया कि प्रशासन को 15 दिनों का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय में समस्या का समाधान नहीं हुआ तो कांग्रेस कार्यकर्ता और नगरवासियों के साथ एसडीएम कार्यालय का घेराव कर उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
ज्ञापन सौपने वालो मे नेता प्रतिपक्ष प्रतिनिधि ओंकार यादव, पार्षद दीपक साहू, जनपद प्रतिनिधि युगल वर्मा, रामखेलावन यादव, दीपक पाली,संतु मनहर, नारायण यादव, सरजू साहू, योगेंद्र यादव, सोमनाथ, दुर्गेश समेत नगरवासी और पीड़ित हितग्राही शामिल रहे।

रेखा चंद्रा (एसडीएम पथरिया) – जिला खाद्य शाखा को उक्त समस्या का जल्द सुधार करने के लिए पत्र भेजा गया है और प्रदेश स्तर से निरस्त हुये राशनकार्ड को रिस्टोर करने की प्रक्रिया कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!