यातायात नियमों पर सख्ती: पांच पिकअप वाहनों पर 25 हजार का जुर्माना, दो नाबालिगों के अभिभावकों पर भी कार्रवाई
विशेष अभियान में नियम तोड़ने वालों पर शिकंजा, सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने की अपील
सारंगढ़-बिलाईगढ़ । जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है। अभियान के तहत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। जांच के दौरान परमिट की शर्तों का उल्लंघन करते पाए गए पांच पिकअप वाहनों पर मोटरयान अधिनियम की धारा 66/192ए के तहत कुल 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। पुलिस ने संबंधित वाहन चालकों को भविष्य में नियमों का पालन करने की कड़ी चेतावनी भी दी।
अभियान के दौरान यातायात पुलिस की नजर दो ऐसे नाबालिग स्कूली बच्चों पर भी पड़ी, जो सड़क पर वाहन चलाते मिले। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने बच्चों के बजाय उनके अभिभावकों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम की धारा 4/181 एवं 5/180 के तहत चालानी कार्रवाई की। दोनों मामलों में कुल 4 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नाबालिगों को वाहन सौंपना कानून का उल्लंघन होने के साथ-साथ उनकी और अन्य लोगों की जान को भी खतरे में डालता है।

यातायात पुलिस के अनुसार जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह अभियान नियमित रूप से चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान वाहनों के दस्तावेज, परमिट, ड्राइविंग लाइसेंस तथा अन्य आवश्यक नियमों की भी जांच की जा रही है। नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

यातायात सेल ने बताया कि लगातार चलाए जा रहे जागरूकता अभियानों का सकारात्मक प्रभाव भी देखने को मिल रहा है। पहले की तुलना में नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने की घटनाओं में कमी आई है। वहीं बड़ी संख्या में अभिभावक अब स्वयं अपने बच्चों को स्कूल छोड़ने और लेने पहुंच रहे हैं, जिससे सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों में बढ़ती जागरूकता का संकेत मिलता है।
यातायात पुलिस ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को किसी भी स्थिति में वाहन चलाने की अनुमति न दें। साथ ही सभी वाहन चालक यातायात नियमों का पालन करें, आवश्यक दस्तावेज साथ रखें और सड़क पर जिम्मेदारी के साथ वाहन चलाएं। पुलिस ने कहा कि नियमों का पालन केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों के जीवन की सुरक्षा के लिए भी आवश्यक है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
