अमरकंटक के जवाहर नवोदय विद्यालय में “फुटबॉल 4 स्कूल” कार्यक्रम का आयोजन
संवाददाता – श्रवण कुमार उपाध्याय
अमरकंटक – मां नर्मदा जी की उद्गम स्थली/पवित्र नगरी अमरकंटक में स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में फुटबॉल 4 स्कूल कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया । यह कार्यक्रम क्षेत्र के विद्यार्थियों में खेल संस्कृति और शारीरिक शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आईएएस वसीम अहमद अनुविभागीय दंडाधिकारी (एसडीएम) पुष्पराजगढ़ रहे । अपने मुख्य संबोधन में उन्होंने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में खेलों की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खेल अनुशासन , टीम भावना , आत्मविश्वास और शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करते हैं ।
फुटबॉल 4 स्कूल कार्यक्रम अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल संस्था फीफा (FIFA) द्वारा संचालित एक वैश्विक पहल का हिस्सा है , जिसका उद्देश्य विद्यालयों में फुटबॉल के माध्यम से शिक्षा और जीवन कौशल का विकास करना है । भारत में इस कार्यक्रम का क्रियान्वयन शिक्षा मंत्रालय के अंतर्गत स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग द्वारा किया जा रहा है , जिसमें अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (AIFF) एवं भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) का सक्रिय सहयोग प्राप्त है । इसका लक्ष्य देशभर में बच्चों के लिए फुटबॉल को सुलभ बनाना है ।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्राचार्य आशीष शुक्ला के स्वागत उद्बोधन से हुई , जिसमें उन्होंने मुख्य अतिथि एवं उपस्थित सभी प्रतिभागियों का आत्मीय स्वागत करते हुए शिक्षा के साथ खेलों के समन्वय को आवश्यक बताया ।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण अनूपपुर जिले के लगभग 24 विद्यालयों को फुटबॉल वितरण रहा जिससे विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों को खेल सामग्री उपलब्ध हो सके । यह वितरण एसडीएम वसीम अहमद पुष्पराजगढ़ द्वारा किया गया , जिसे विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सराहा ।
कार्यक्रम का सफल संचालन सचिन जाटव द्वारा किया गया । अंत में नंद कुमार साहू पीजीटी भौतिकी ने आभार प्रदर्शन करते हुए मुख्य अतिथि , विद्यालय स्टाफ , विद्यार्थियों तथा सभी सहयोगी संस्थाओं के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।
फुटबॉल 4 स्कूल कार्यक्रम के माध्यम से जमीनी स्तर पर खेलों को प्रोत्साहन मिल रहा है, जिससे विद्यार्थी फुटबॉल के साथ-साथ महत्वपूर्ण जीवन कौशल भी विकसित कर रहे हैं।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.




