कोटा सबडिवीज़न में सराफा व्यापारियों की सुरक्षा पर पुलिस सतर्क व्यापारियों के साथ बैठक, सीसीटीवी से लेकर अलार्म तक पर दिए गए कड़े निर्देश

0
IMG-20260223-WA1237

कोटा/बिलासपुर। कोटा अनुविभाग में सराफा व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन ने सक्रिय पहल करते हुए विशेष बैठक आयोजित की। यह बैठक , उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर तथा , अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के मार्गदर्शन में आयोजित की गई। उनके निर्देश पर कोटा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी ने अनुविभाग के सभी थाना प्रभारियों को सराफा व्यापारियों की सुरक्षा संबंधी मीटिंग लेने के निर्देश दिए थे।

इसी क्रम में थाना रतनपुर, कोटा, तखतपुर एवं बेलगहना के थाना प्रभारियों द्वारा अपने-अपने थाना क्षेत्रों में सराफा व्यापारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठकें आयोजित की गईं। बैठक में व्यापारियों को आश्वस्त किया गया कि पुलिस उनकी सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सजग है और किसी भी आपात या संदिग्ध स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जाएगी।

थाना प्रभारियों ने व्यापारियों से अपील की कि वे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। बैठक में दुकानों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया। पुलिस ने निर्देश दिए कि सभी सराफा दुकानों में उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं, जिनमें हाई डेफिनिशन ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग की सुविधा हो तथा नियमित रूप से उनकी जांच की जाए।

इसके साथ ही दुकानों में कार्यरत कर्मचारियों का अनिवार्य रूप से पुलिस वेरिफिकेशन कराने, अग्निशमन उपकरण रखने और उनके उपयोग का प्रशिक्षण देने की सलाह दी गई। व्यापारियों को अपनी दुकानों में सायरन/अलार्म सिस्टम लगाने के निर्देश भी दिए गए ताकि किसी भी आपात स्थिति में आसपास के लोग सतर्क हो सकें।

पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि सभी दुकानों में थाना प्रभारी एवं बीट के अधिकारी-कर्मचारियों के मोबाइल नंबर स्पष्ट रूप से चस्पा किए जाएं। इसके अलावा, दुकानों में खरीदारी के लिए आने वाले ग्राहकों से मास्क या नकाब न पहनने का आग्रह करने तथा प्रत्येक ग्राहक का नाम और मोबाइल नंबर रजिस्टर में दर्ज करने के निर्देश दिए गए।

पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र में पेट्रोलिंग और चौक-चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की निगरानी और अधिक प्रभावी की जाएगी। व्यापारियों ने भी पुलिस के इस प्रयास का स्वागत करते हुए सहयोग का भरोसा दिलाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!