अमरकंटक में ठंड की एक बार फिर दस्तक

0
IMG-20260224-WA1215

पवित्र नगरी में तापमान में गिरावट,रिमझिम बारिश से मौसम ठंडा

संवाददाता – श्रवण कुमार उपाध्याय

अमरकंटक – मां नर्मदा जी की उद्गम स्थली/पवित्र नगरी अमरकंटक मध्य प्रदेश के प्रमुख पर्यटन एवं धार्मिक तीर्थ स्थल में विगत दो दिनों से हो रही रिमझिम बारिश के चलते ठंड ने एक बार फिर दस्तक दे दी है । पिछले दो–तीन दिनों से नीले आसमान पर काले बादलों का डेरा बना हुआ है और बीच-बीच में हल्की से मध्यम वर्षा की फुहारें पड़ रही हैं जिससे मौसम में ठंडक बढ़ गई है ।


वर्षा के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है । दिन का तापमान लगभग 20–21 डिग्री सेल्सियस बना हुआ है वहीं शाम और रात्रि में तापमान 9–10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है । जो ठंड अब तक विदा होती नजर आ रही थी और दोपहर में हल्की गर्मी का एहसास होने लगा था उसकी जगह फिर से सर्द हवाओं ने ले ली है ।
मौसम के इस बदलते मिजाज से स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ बाहर से आने वाले पर्यटक , तीर्थयात्री और श्रद्धालु भी प्रभावित हो रहे हैं । कई बाहरी राज्यों से पहुंचे यात्रियों के पास पर्याप्त गर्म कपड़े नहीं होने के कारण उन्हें स्थानीय बाजार से शॉल और स्वेटर आदि खरीदने पड़ रहे हैं । शाम के समय अलाव की आवश्यकता भी महसूस की जा रही है ।


आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और पश्चिम बंगाल से आए पर्यटकों ने बताया कि उन्हें यहां इतनी ठंड का सामना करना पड़ेगा , इसका अनुमान नहीं था क्योंकि उनके क्षेत्रों में इस समय ठंड लगभग समाप्त हो चुकी है । नगर में महिलाएं और वृद्धजन गर्म शॉल ओढ़े नजर आ रहे हैं वहीं चाय की दुकानों पर सुबह शाम भीड़ बढ़ गई है । अगर बादलों का प्रभाव इस तरह बना रहा तो आगामी दिनों में तापमान में और गिरावट संभव है । स्थानीय प्रशासन ने लोगों से मौसम को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!