NTPC World Environment Day

भिलाई इस्पात संयंत्र में 55वां राष्ट्रीय सुरक्षा दिवस आयोजित, सुरक्षित कार्य संस्कृति पर दिया गया जोर

0
S1(2)HZ3K

भिलाई । भिलाई इस्पात संयंत्र (Bhilai Steel Plant) में 55वां राष्ट्रीय सुरक्षा दिवस समारोह 11 मार्च 2026 को महात्मा गांधी कला मंदिर में आयोजित किया गया। सुरक्षा इंजीनियरिंग विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का विषय “सुरक्षा बढ़ाने के लिए लोगों को जोड़ें, शिक्षित करें और सशक्त बनाएं” रखा गया था।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कार्यपालक निदेशक (सामग्री प्रबंधन) अजय कुमार चक्रवर्ती थे, जबकि कार्यपालक निदेशक (वित्त एवं लेखा) प्रवीण निगम, कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) पवन कुमार तथा कार्यपालक निदेशक (परियोजनाएँ) पी.के. सरकार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी (सेवाएं) तुषारकांत सहित संयंत्र के विभिन्न विभागों के मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी, मुख्य महाप्रबंधक, अधिकारियों के संगठन के प्रतिनिधि, यूनियन प्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी तथा बड़ी संख्या में कर्मचारी भी मौजूद रहे।

समारोह का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात सहायक महाप्रबंधक (सुरक्षा इंजीनियरिंग विभाग) शोवन घोष ने उपस्थित सभी कर्मचारियों को सुरक्षा शपथ दिलाई। उद्घाटन सत्र के बाद लोमस कुमार साहू ने बांसुरी वादन की प्रस्तुति दी। इस दौरान संयंत्र में सुरक्षित कार्य पद्धतियों के महत्व को रेखांकित करने के उद्देश्य से एक सुरक्षा जागरूकता वीडियो भी प्रदर्शित किया गया।

कार्यक्रम का स्वागत उद्बोधन मुख्य महाप्रबंधक (सुरक्षा एवं अग्निशमन सेवाएं) देबदत्त सतपथी ने दिया। उन्होंने पिछले वर्ष के दौरान संयंत्र में संचालित सुरक्षा गतिविधियों तथा उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की।



समारोह के अंतर्गत सुरक्षा जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए कई सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियाँ भी आयोजित की गईं। यूनिवर्सल रेल मिल की टीम ने ‘सेफ्टी मैन’ शीर्षक से सुरक्षा आधारित लघु नाटक प्रस्तुत किया, जबकि ओमवीर करन ने सुरक्षा कविता और टी एंड डी विभाग के मुकेश कुमार भारद्वाज ने सुरक्षा गीत प्रस्तुत किया।

मुख्य अतिथि अजय कुमार चक्रवर्ती ने अपने संबोधन में कहा कि कार्यस्थल पर सुरक्षा प्रत्येक कर्मचारी की नैतिक जिम्मेदारी है और इसे कार्य संस्कृति का अभिन्न हिस्सा बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कर्मचारियों से अपील की कि वे किसी भी असुरक्षित स्थिति में कार्य न करें और न ही किसी को ऐसा करने दें। उन्होंने ‘रोको-टोको’ की संस्कृति को अपनाने पर जोर देते हुए कहा कि प्रत्येक कर्मचारी के पास असुरक्षित परिस्थितियों में कार्य को रोकने का अधिकार और जिम्मेदारी दोनों है।





विशिष्ट अतिथियों ने भी अपने संबोधन में कार्यस्थल पर सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कर्मचारियों से सतर्कता बरतने, संभावित जोखिमों की पहचान करने तथा सुरक्षित कार्य पद्धतियों का पालन करने की अपील की।



इस अवसर पर सुरक्षा कैलेंडर, सुरक्षा नाटक, सुरक्षा कविता, सुरक्षा गीत, सुरक्षा क्विज, नियर-मिस रिपोर्टिंग तथा ‘सर्वश्रेष्ठ सेफ्टी वारियर’ सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं और श्रेणियों में पुरस्कारों की घोषणा की गई और विजेताओं को सम्मानित किया गया। संयंत्र में सुरक्षा जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए क्षेत्रवार सर्वश्रेष्ठ हाउसकीपिंग पुरस्कार भी प्रदान किए गए। सर्वश्रेष्ठ डीआईसी पुरस्कार स्टील मेल्टिंग शॉप–3 की टीम को तथा सर्वश्रेष्ठ नियर-मिस रिपोर्टिंग पुरस्कार बार एंड रॉड मिल की टीम को मिला।



जोनवार सर्वश्रेष्ठ हाउसकीपिंग पुरस्कारों में आयरन एंड स्टील जोन से कोक ओवन एंड कोल केमिकल विभाग, मिल्स जोन से प्लेट मिल, बल्क मटेरियल्स हैंडलिंग जोन से सिंटर प्लांट–3, यूटिलिटीज जोन से अग्निशमन सेवा विभाग तथा शॉप एंड सर्विसेज जोन (ए) और (बी) से क्रमशः इलेक्ट्रिकल रिपेयर शॉप और कोल्ड रोलिंग मिल (इलेक्ट्रिकल) को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं के निर्णायकों को भी सम्मानित किया गया।



कार्यक्रम का समन्वयन मुख्य महाप्रबंधक (सुरक्षा एवं अग्निशमन सेवाएं) देबदत्त सतपथी के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम का संचालन उप प्रबंधक (संपर्क प्रशासन-राजभाषा) जे.डी. मानिकपुरी ने किया, जबकि महाप्रबंधक प्रभारी (सुरक्षा इंजीनियरिंग विभाग) एस.के. अग्रवाल ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। समारोह का समापन राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!