जुआ कार्रवाई में लापरवाही पर दो पुलिसकर्मी लाइन अटैच

0
images (4)

• बरपाली जंगल में जुआ खेलते पकड़े गए 4 आरोपी, 5 बाइक, 3 मोबाइल और 10,600 रुपये जब्त

रायगढ़। जुआ के मामले में लापरवाही बरतने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कड़ा रुख अपनाते हुए दो पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच कर दिया है। इस कार्रवाई के तहत चौकी रैरूमाखुर्द के प्रभारी एएसआई बृज किशोर गिरी और बीट के प्रधान आरक्षक लक्ष्मी नारायण केंवट को तत्काल प्रभाव से रक्षित केंद्र भेज दिया गया है।

जानकारी के अनुसार 11 मार्च को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को चौकी रैरूमाखुर्द क्षेत्र के बरपाली जंगल में जुआ खेले जाने की सूचना मिली थी। इस संबंध में जब चौकी प्रभारी एएसआई बृज किशोर गिरी से जानकारी ली गई तो उनके द्वारा मामले की स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा सकी। इसे गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने नाराजगी जताई और तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

इसके बाद रक्षित केंद्र, थाना घरघोड़ा और रैरूमाखुर्द पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर बरपाली जंगल में छापामार कार्रवाई की गई। पुलिस टीम के पहुंचते ही मौके से चार जुआरियों को पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 5 मोटरसाइकिल, 3 मोबाइल फोन और 10 हजार 600 रुपये नकद बरामद किए गए।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

जांच में यह भी पाया गया कि चौकी प्रभारी और बीट स्तर पर सूचना संकलन में लापरवाही बरती गई थी तथा अपने पदीय कर्तव्यों का समुचित निर्वहन नहीं किया गया। इसी आधार पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने दोनों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच कर दिया।

इसके साथ ही थाना पूंजीपथरा में पदस्थ उपनिरीक्षक विजय एक्का को चौकी रैरूमाखुर्द का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है।

इस मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा है कि किसी भी थाना या चौकी क्षेत्र में जुआ, सट्टा, अवैध शराब या अन्य गैरकानूनी गतिविधियां संचालित होना पाए जाने पर संबंधित प्रभारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी और सख्त कार्रवाई की जाएगी। कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पुलिस विभाग के अनुसार जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। रायगढ़ पुलिस द्वारा ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत जुआ और सट्टा के खिलाफ तथा ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!