सीवी रमन यूनिवर्सिटी का छात्र लापता, कमरे से 40 लाख से अधिक के लेनदेन का हिसाब मिला

0
IMG-20260313-WA0010


ऑनलाइन गेमिंग और बेटिंग से जुड़ी गतिविधियों की जांच में जुटी पुलिस, रेलवे स्टेशन तक डॉग स्क्वॉड से की गई तलाश

बिलासपुर। बिलासपुर जिले के कोटा थाना क्षेत्र स्थित सीवी रमन यूनिवर्सिटी के छात्रावास से एक छात्र के लापता होने का मामला सामने आया है। इस संबंध में थाना कोटा में गुम इंसान प्रकरण दर्ज कर पुलिस द्वारा विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 7 मार्च को थाना कोटा में गुम इंसान प्रकरण क्रमांक 29/2026 दर्ज किया गया है। छात्रावास प्रभारी की रिपोर्ट के अनुसार सीवी रमन यूनिवर्सिटी के छात्रावास में रहने वाला रोहित कुमार (19 वर्ष), पिता अमरेन्द्र कुमार, निवासी महावीर कॉलोनी संगम चौक, गया (बिहार) 6 मार्च 2026 की शाम लगभग 4 बजे से छात्रावास से लापता है।

मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने गुम इंसान कायम कर युवक की तलाश शुरू कर दी है। जांच के दौरान पुलिस ने छात्रावास स्थित उसके कमरे की तलाशी ली, जहां से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ जो बिना सिम का था। इसके अलावा कमरे से ऑनलाइन गेमिंग से संबंधित नोट्स वाला एक पन्ना मिला है, जिसमें बेटिंग से जुड़े नियम लिखे हुए पाए गए।

पुलिस को कमरे से एक नोटबुक भी मिली है, जिसमें लगभग 40 लाख 77 हजार 400 रुपये के लेन-देन का हिसाब दर्ज पाया गया है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि रोहित कुमार ऑनलाइन गेमिंग में सक्रिय था और कई लोगों के साथ पैसों का लेन-देन करता था।

पुलिस के अनुसार रोहित के मोबाइल से उसकी मां को एक मैसेज भेजा गया था, जिसमें स्वेच्छा से कहीं जाने की बात लिखी गई थी, हालांकि यह मैसेज डिलीवर नहीं हो सका।

जांच के दौरान पुलिस ने छात्रावास में रहने वाले अन्य छात्रों, उसके मित्रों और परिचितों से पूछताछ कर उनके बयान दर्ज किए हैं। पूछताछ में यह जानकारी भी सामने आई है कि घटना वाले दिन रोहित ने अपने कुछ साथियों से नकद पैसे मांगे थे और उन्हें आश्वासन दिया था कि वह यूपीआई के माध्यम से तुरंत वापस कर देगा।

पुलिस ने मामले की जांच के लिए मोबाइल कॉल डिटेल, बैंक खाते की जानकारी और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का भी परीक्षण किया है। बैंक डिटेल में लगभग 7 लाख रुपये के ट्रांजेक्शन का पता चला है, जिसमें कई लोगों से विभिन्न एप्लीकेशन के माध्यम से पैसे लेने और देने की जानकारी मिली है।

इसके अलावा पुलिस ने यूनिवर्सिटी परिसर और आसपास के कई स्थानों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले हैं। इनमें यूनिवर्सिटी गेट, मोबाइल नाका चौक, खत्री इंटरप्राइजेस, एक स्कूल, यूको बैंक एटीएम, पेट्रोल पंप और अन्य स्थानों के कैमरों के फुटेज का अवलोकन किया गया है।

पुलिस ने डॉग स्क्वॉड की मदद से छात्रावास से लेकर कोटा रेलवे स्टेशन तक युवक की तलाश भी की है। साथ ही गुमशुदा युवक की जानकारी आसपास के जिलों को भी भेज दी गई है ताकि संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की जा सके।

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने यूनिवर्सिटी प्रबंधन को भी नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। वहीं जांच के दौरान यह भी जानकारी सामने आई है कि रोहित कुमार के भाई-बहनों को उसके ऑनलाइन बेटिंग में पैसे लगाने और हारने की जानकारी थी।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच पारदर्शिता के साथ की जा रही है और परिजनों को भी जांच की हर जानकारी से अवगत कराया जा रहा है।

पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को लापता युवक रोहित कुमार के संबंध में कोई जानकारी मिलती है तो तत्काल थाना कोटा, जिला बिलासपुर को सूचित करें, ताकि युवक का जल्द पता लगाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!