कोरबा में कबाड़ माफिया ‘बरबट्टी’ के साम्राज्य पर चला बुलडोजर: नहर का पूरा लोहे का पुल चुराने वाले मास्टरमाइंड का 3 मंजिला अवैध मकान जमींदोज

0
22-kr-3-1200x800

शासकीय जमीन पर कब्जा कर बनाया था आशियाना; 150 से अधिक पुलिस बल की मौजूदगी में हुई बड़ी कार्रवाई, रास्ते में गाड़ियां खड़ी कर बाधा डालने की कोशिश हुई नाकाम

कोरबा। ढोढ़ीपारा से रशियन हॉस्टल मार्ग पर स्थित शासकीय लोहे के पुल (नहर ब्रिज) को काटकर गायब करने वाले शातिर कबाड़ माफिया मुकेश साहू उर्फ बरबट्टी को कानून ने उसके किए की ऐसी सजा दी कि उसका पूरा गुरूर मिट्टी में मिल गया। जिला प्रशासन, पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम ने आज एक बड़ी और नजीर बनने वाली कार्रवाई करते हुए कुख्यात कबाड़ माफिया द्वारा राताखार बस्ती में शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा कर बनाए गए तीन मंजिला आलीशान मकान को बुलडोजर चलाकर पूरी तरह नेस्तनाबूद कर दिया। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले अपराधियों के साथ ऐसा ही सलूक किया जाएगा।

लोहे का पूरा का पूरा पुल ही चुरा ले गया था कबाड़ माफिया

उल्लेखनीय है कि ढोढ़ीपारा से रशियन हॉस्टल की ओर जाने वाले मार्ग पर नहर के ऊपर एक मजबूत लोहे का ब्रिज बना हुआ था, जो स्थानीय लोगों के आवागमन का मुख्य जरिया था। कुछ समय पहले शातिर चोरों ने इस पूरे भारी-भरकम लोहे के पुल को ही गैस कटर से काटकर चोरी कर लिया था। पुलिस की सघन पड़ताल में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि इस दुस्साहसिक चोरी का मास्टरमाइंड और कोई नहीं, बल्कि शहर का कुख्यात कबाड़ माफिया मुकेश साहू उर्फ बरबट्टी है। मुख्य आरोपी के रूप में उस पर केस दर्ज कर जब उसकी कुंडली खंगाली गई, तो राताखार में सरकारी जमीन पर अवैध रूप से तने उसके तीन मंजिला मकान का सच सामने आया, जिसे आज ढहा दिया गया।

मैदान में डटे रहे बड़े अफसर, 150 से ज्यादा जवानों ने संभाला मोर्चा

कार्रवाई की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय पूरे समय मौके पर खुद मौजूद रहे। उनके साथ निगम उपायुक्त नीरज कौशिक, एसडीएम सरोज महिलांगे, नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) प्रतीक चतुर्वेदी, तहसीलदार बजरंग साहू और टीआई मोतीलाल पटेल सहित भारी प्रशासनिक अमला डटा रहा। कबाड़ माफिया के रसूख और विरोध की आशंका को देखते हुए मौके पर 150 से अधिक पुलिस जवानों की तैनाती की गई थी, जिसके चलते परिंदा भी पर नहीं मार सका।

NTPC World Environment Day

रास्ते में गाड़ियां खड़ी कर दी थीं, परिवार पर भी हुई कार्रवाई: कबाड़ माफिया को इस बड़ी बुलडोजर कार्रवाई की भनक पहले ही लग गई थी। उसने कार्रवाई रोकने के लिए साम-दाम-दंड-भेद सब अपनाया। घर पहुंचने वाले संकरे रास्ते में जानबूझकर कबाड़ के बड़े वाहन और अन्य सामग्रियां खड़ी कर मार्ग अवरुद्ध कर दिया गया था। अधिकारियों ने सूझबूझ दिखाते हुए पहले उन अवरोधों को क्रेन से हटवाया और फिर मकान तोड़ने का काम शुरू किया। इस दौरान हंगामा और सरकारी काम में बाधा डालने की कोशिश कर रहे माफिया के परिजनों और समर्थकों पर भी पुलिस ने सख्त कानूनी कार्रवाई की है।

जप्त सामान लिखा-पढ़ी कर सौंपा, हेरफेर पर फिर होगी जेल

निगम और राजस्व की टीम ने मकान तोड़ने से पहले घर के भीतर रखे तमाम सामानों की बारीकी से जब्ती बनाई। इसके बाद आरोपी मुकेश साहू को विधिवत लिखा-पढ़ी (कागजी कार्रवाई) के साथ पूरा सामान हैंडओवर कर दिया गया। प्रशासन ने आरोपी को चेतावनी दी है कि यदि हैंडओवर किए गए सामान की आड़ में उसने किसी भी प्रकार की हेरफेर या नई नौटंकी करने की कोशिश की, तो उसके खिलाफ एक और नया मामला दर्ज कर सीधे जेल भेजा जाएगा।

अपराधियों को कड़ा संदेश, आम जनता ने की सराहना

शासकीय और नगर निगम की संपत्ति, चाहे वह छोटी हो या बड़ी, उसे नुकसान पहुंचाने वालों को यह प्रशासन का अब तक का सबसे कड़ा और सीधा संदेश है। इस ऐतिहासिक बुलडोजर प्रहार के बाद कोरबा के आम नागरिकों ने राहत की सांस ली है और प्रशासनिक अमले की मुक्त कंठ से प्रशंसा की है। लोगों का कहना है कि इस कार्रवाई से शहर के अन्य अपराधियों के हौसले पस्त होंगे और वे किसी भी अपराध को अंजाम देने से पहले सौ बार सोचेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
error: Content is protected !!