तेंदुए के हमले में 7 वर्षीय बालक गंभीर, परिजनों ने बचाई जान

0
15-61

गरियाबंद । जिला मुख्यालय से लगे ग्रामीण क्षेत्र में एक बार फिर तेंदुए की मौजूदगी ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। गुरुवार रात कोदोबतर के चट्टानपारा गांव में एक तेंदुए ने सात वर्षीय बालक पर हमला कर उसे जंगल की ओर ले जाने का प्रयास किया। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और साहस दिखाते हुए उसे तेंदुए के चंगुल से छुड़ा लिया। घटना के बाद पूरे इलाके में भय का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चट्टानपारा निवासी धनेश कुमार पड़ोसी के घर से टीवी देखकर रात में अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान झाडिय़ों में छिपे तेंदुए ने अचानक उस पर हमला कर दिया और गर्दन पकड़कर उसे घसीटते हुए जंगल की ओर ले जाने लगा। बच्चे की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग तत्काल मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद तेंदुए को खदेड़कर बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
हमले में बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके गर्दन सहित शरीर के अन्य हिस्सों पर गहरे जख्म आए हैं। परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर कर दिया गया।
घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि गर्मी के मौसम में जंगली जानवर अक्सर भोजन और पानी की तलाश में आबादी वाले क्षेत्रों की ओर आ जाते हैं। गरियाबंद मुख्यालय के आसपास के गांवों में हर वर्ष तेंदुओं की आवाजाही देखी जाती है, जिससे ग्रामीणों में लगातार भय बना रहता है।
सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए क्षेत्र में ट्रैप कैमरे लगाए गए हैं। विभाग द्वारा गांव में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क रहने और रात के समय अकेले बाहर न निकलने की सलाह दी जा रही है।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि तेंदुए की लोकेशन का पता लगाने और उसकी निगरानी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!